शिमला: 20 महीने की बच्ची को घर के बाहर से घसीटकर ले गए आवारा कुत्ते..

 शिमला: राजधानी शिमला के शांकली में रविवार शाम लावारिस कुत्ते के हमले में लहूलुहान हुई मासूम बच्ची की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। बच्ची के हाथ, मुंह, पीठ और टांगों पर कुत्ते के नोचने से गहरे घाव हो गए हैं जिसमें 11 टांके लगाए गए हैं। नगर निगम ने हमलावर कुत्ते को पकड़ लिया। कुत्ते को टुटीकंडी डॉग शेल्टर भेजा है। घर के गेट के पास खेल रही इस बच्ची को लावारिस कुत्ता घसीटते हुए ले गया था। 25 मीटर दूर इसे लोगों ने कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया था। इस घटना पर सोमवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बच्ची के दादा समेत कई लोगों ने टाउनहॉल स्थित महापौर कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया।

बच्ची की मां ने बताया कि वह घर में कपड़े धो रही थीं। इसी दौरान अचानक बच्ची की चीखें सुनाई दीं। बाहर आकर देखा तो बेहद भयावह मंजर सामने था। दो कुत्ते बच्ची को नोच रहे थे. उन्होंने और आसपास के लोगों ने किसी तरह कुत्तों को भगाया और बच्ची को वहां से उठाकर अस्पताल पहुंचाया। मां ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेने और इलाके से खतरनाक आवारा कुत्तों को हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि बच्ची को बचाने में थोड़ी और देर हो जाती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।

राजधानी में हमलावर कुत्तों को पकड़ने के लिए नगर निगम ने निर्देश जारी कर दिए हैं। शांकली में बच्ची पर कुत्ते के हमले की घटना के बाद नगर निगम आयुक्त सचिन कंवल ने सोमवार सुबह ही अधिकारियों की बैठक बुला ली। इसमें लावारिस कुत्तों से जुड़ी शिकायतें बढ़ने पर अधिकारियों से चर्चा की गई। आयुक्त ने निर्देश दिए कि जो कुत्ते बार-बार लोगों को काट रहे हैं, उन्हें पकड़ा जाए। इन्हें डॉग हट में रखें।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed