आरकेजीएमसी की एंटी रैगिंग कमेटी ने की विभिन्न प्रबंधों की समीक्षा
आरकेजीएमसी की एंटी रैगिंग कमेटी ने की विभिन्न प्रबंधों की समीक्षा
हमीरपुर : डॉ. राधाकृष्णन राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय (आरकेजीएमसी) हमीरपुर की एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक मंगलवार को प्रधानाचार्य डॉ. रमेश भारती की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें महाविद्यालय के अधिकारियों के अलावा प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों, अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों, विद्यार्थियों के प्रतिनिधियों तथा हॉस्टल संचालकों ने भी भाग लिया। इस अवसर पर पिछली बैठक के दौरान लिए गए निर्णयों की अनुपालना और महाविद्यालय के परिसर, इसके आसपास के क्षेत्र, हॉस्टलों एवं पीजी में किसी भी तरह की रैगिंग के मामलों को रोकने के लिए किए गए विभिन्न प्रबंधों पर व्यापक चर्चा की गई। प्रधानाचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि संस्थान में आज तक रैंगिंग का कोई भी मामला सामने नहीं आया है। इसके बावजूद महाविद्यालय, हॉस्टल एवं पीजी के परिसरों को रैगिंग मुक्त बनाए रखने के लिए सतर्कता बहुत जरूरी है। उन्होंने बताया कि कुछ दिनों में ही नया बैच शुरू होने जा रहा है। इसके मद्देनजर अतिरिक्त प्रबंध किए जा रहे हैं। संस्थान के परिसर, हॉस्टल एवं पीजी और इनके आस-पास के क्षेत्रों में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के दिशा-निर्देशों के अनुसार जागरुकता पोस्टर एवं बोर्ड लगाए गए हैं तथा इनमें सभी प्रमुख अधिकारियों एवं हेल्पलाइन के नंबर प्रदर्शित किए गए हैं, ताकि इन नंबरों पर रैगिंग की शिकायत की जा सके। प्रधानाचार्य ने एंटी रैगिंग समिति के सदस्यों को हॉस्टलों का नियमित रूप से निरीक्षण करने के निर्देश दिए। पुलिस के अधिकारियों से भी गश्त बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने हॉस्टलों और पीजी के संचालकों को सभी आवश्यक प्रबंधों के साथ-साथ भवनों का सेफ्टी ऑडिट करवाने के निर्देश दिए। बैठक में विद्यार्थियों के प्रतिनिधियों से भी फीडबैक एवं सुझाव लिए गए। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को रैगिंग के दुष्प्रभावों से अवगत करवाने के साथ-साथ खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर महाविद्यालय के अतिरिक्त निदेशक संजीव कुमार, आरकेजीएमसी अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. देसराज शर्मा, डीएसपी राजकुमार और महाविद्यालय के अन्य अधिकारी एवं चिकित्सक भी उपस्थित थे।