शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई : ठियोग NDPS मामले में ₹1.64 करोड़ से अधिक की संपत्ति सीज
शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई : ठियोग NDPS मामले में ₹1.64 करोड़ से अधिक की संपत्ति सीज
शिमला: शिमला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई को उनके आर्थिक नेटवर्क तक पहुंचाते हुए NDPS मामले में ₹1.64 करोड़ से अधिक की संपत्ति सीज की है। पुलिस थाना ठियोग में एफआईआर नं. 77/2026, दिनांक 10.06.2026, धारा 18 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। दिनांक 10 जून को विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा रहीघाट, हॉस्पिटल रोड, ठियोग स्थित आरोपी सोहन लाल उर्फ हैपी की नाई की दुकान की तलाशी ली गई, जहां से उसके कब्जे से करीब 71 ग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की विस्तृत जांच शुरू की गई।
अन्वेषण के दौरान सामने आया कि आरोपी पिछले काफी समय से अफीम की अवैध तस्करी में संलिप्त था तथा ठियोग, कोटखाई, रोहड़ू एवं आसपास के क्षेत्रों में अफीम की आपूर्ति कर रहा था। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत फाइनेंशियल इन्वेस्टीगेशन की गई। इस दौरान आरोपी तथा उसके निकट सहयोगियों की वित्तीय गतिविधियों, संपत्तियों एवं आय के ज्ञात तथा वैध स्रोतों का विस्तृत विश्लेषण किया गया।
फाइनेंशियल इन्वेस्टीगेशन के दौरान एक आवासीय भूमि प्लॉट, एक एग्रीकल्चर प्लॉट, दो मंजिला दुकान, वाहन तथा विभिन्न बैंक एवं डाकघर खातों में उपलब्ध धनराशि सहित कुल ₹1.64 cr मूल्य की संपत्तियों की पहचान की गई।
वित्तीय अभिलेखों एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर उक्त संपत्तियां प्रथम दृष्टया मादक पदार्थों की अवैध तस्करी से अर्जित आय से संबंधित पाई गईं। आरोपी की एक नई की दुकान है तथा वह परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य है। आरोपी की आय उसकी संपत्ति से मेल नहीं खाती। जिसपर एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत उक्त संपत्तियों को सीज़ किया गया।
शिमला पुलिस द्वारा वर्ष 2026 में अब तक 12 एनडीपीएस मामलों में फाइनेंशियल इन्वेस्टीगेशन करते हुए ₹8 करोड़ से अधिक मूल्य की चल-अचल एवं वित्तीय संपत्तियां सीज़ की जा चुकी हैं। इसके विपरीत, वर्ष 2025 एवं 2024 के दौरान एनडीपीएस मामलों में कोई फाइनेंशियल इन्वेस्टीगेशन नहीं की गई थी तथा इन दोनों वर्षों में इस प्रकार कोई भी संपत्तियों सीज नहीं की गई थी।
अब कार्रवाई केवल नशे की बरामदगी और तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि फाइनेंशियल इन्वेस्टीगेशन के माध्यम से नशे के कारोबार से अर्जित अवैध धन और उससे बनाई गई संपत्तियों की पहचान कर उन्हें सीज़ करना भी पुलिस की प्राथमिकता है।