हिमाचल: प्रदेश विधानसभा मानसून सत्र के तीसरे दिन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सदन को जानकारी देते हुए बताया कि हमारी सरकार 2 अक्टूबर से ‘मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ शुरू करने जा रही है। इसका लाभ 2 लाख ऐसे परिवारों को मिलेगा, जो गरीबी में अपना जीवन गुजार रहे हैं। इनमें 90 हजार परिवार ऐसे हैं, जिन्हें आज तक किसी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिला और ना ही वे कभी आईआरडीपी की श्रेणी में आए। इन सभी 2 लाख परिवारों को हर महीने 1,500 रुपये और 300 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी।
पूर्व भाजपा सरकार के समय अस्पताल 35% ऑक्यूपेंसी पर चल रहे थे, आज यह 65% है CM
हमने स्कूलों में शिक्षक के पदों का रेशनलाइजेशन किया। जिन स्कूलों में बच्चे नहीं थे और शिक्षक थे, उन शिक्षकों को वहां भेजा, जहाँ बच्चों की संख्या अधिक है। अभी मैं पूरा मामला खोलना नहीं चाहता, क्योंकि फिर आप कहेंगे कि इंक्वायरी करवाइए। मैं फिर इंक्वायरी करवाऊँगा।
स्किल के नाम पर आपने परमिशन दी कि इन बच्चों को ट्रेनिंग देनी है और इसके लिए इतना स्टाइपेंड मिलेगा। लेकिन जहाँ 15 बच्चे भी नहीं थे, वहाँ 50 बच्चों का स्टाइपेंड दिया गया, कहीं 500 बच्चों का स्टाइपेंड दिया गया।
हमारी सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र में भी काम किया है। पूर्व भाजपा सरकार के समय अस्पताल 35% ऑक्यूपेंसी पर चल रहे थे, आज यह 65% है। अब तक करीब 500-600 असिस्टेंट स्टाफ नर्सों की नियुक्ति हो चुकी है और 400 पदों के लिए इंटरव्यू होने वाला है। युवाओं को स्किल की ट्रेनिंग देने के नाम पर पूर्व भाजपा सरकार में पैसा दिया गया। उसमें भी अगर मैं कहूँ कि बहुत बड़ा घोटाला हुआ है, तो शायद आप चौंकेंगे।
घर-घर जाकर पात्र लोगों की पहचान करेंगी और उनका आवेदन भरवाएँगी – CM
सहारा योजना पहले हेल्थ डिपार्टमेंट के अंतर्गत थी। अब हमने इस योजना को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के माध्यम से शुरू किया है। इसके तहत लगभग 3,000 लोगों को सहारा पेंशन मिलनी शुरू हो गई है।
यह सुनिश्चित करने के लिए कि कोई पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रहे, हमने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की ड्यूटी लगाई है। वे घर-घर जाकर पात्र लोगों की पहचान करेंगी और उनका आवेदन भरवाएँगी।
घोटाला करने वालों को बचाने और घोटाले छिपाने के लिए भाजपा प्रदर्शन कर रही है – CM
विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं रह गया है। घोटाला करने वालों को बचाने और घोटाले छिपाने के लिए भाजपा प्रदर्शन कर रही है। विधानसभा लोकतंत्र का मंदिर है और इसकी कार्यवाही तय नियमों के अनुसार चलती है। भाजपा विधायकों द्वारा बीच-बीच में हाथ उठाकर कार्यवाही में हस्तक्षेप करने का तरीका नियम सम्मत नहीं है।
चमियाणा, टांडा और IGMC को हम ‘वन ऑफ द बेस्ट’ मेडिकल कॉलेज बनाने जा रहे हैं – CM
चमियाणा IGMC का हिस्सा है। चमियाणा, टांडा और IGMC को हम ‘वन ऑफ द बेस्ट’ मेडिकल कॉलेज बनाने जा रहे हैं। बाकी मेडिकल कॉलेजों में बेहतर सुविधाएँ विकसित करने में अभी चार-पाँच साल लगेंगे।
हम डायग्नोस्टिक सुविधाओं को सबसे बेहतर कर रहे हैं। ऑटोमेशन लैब लाने जा रहे हैं। यह हिंदुस्तान की दूसरी ऐसी लैब होगी। यह नेरचौक, चमियाणा, टांडा और हमीरपुर में लगेगी। बाद में चंबा और नाहन में भी लगाई जाएगी। अभी तीन-चार सिरिंज में सैंपल भरकर ट्यूब में डाले जाते हैं और फिर टेस्ट होता है। ऑटोमेशन लैब में एक ही सिरिंज से, एक ही बार में, ऑटोमेशन के जरिए टेस्ट होगा। इसमें कोई ह्यूमन टच नहीं होगा और इसकी एक्यूरेसी 99% होगी। हम बीमारी को यहीं खोजकर उसका पता लगाना चाहते हैं, ताकि लोग स्वस्थ रहें।
जिनकी नीयत घोटाले करने की होती है, वे घोटाले करते हैं। हम सेवा करने आए हैं। बिलासपुर के AIIMS से भी बेहतर हमारा IGMC है, क्योंकि हम यहाँ लेटेस्ट टेक्नोलॉजी लेकर आए हैं।
रोबोटिक सर्जरी करवाने के लिए आम आदमी से मात्र 30 हजार रुपये लिए जा रहे हैं – मुख्यमंत्री
आज प्रदेश में रोबोटिक सर्जरी करवाने के लिए आम आदमी से मात्र 30,000 रुपये लिए जा रहे हैं और 90,000 रुपये की सब्सिडी दी जा रही है।
हमारे मंत्री चौधरी चंद्र कुमार जी ने एक निजी अस्पताल में रोबोटिक सर्जरी से ऑपरेशन करवाया था, जिसमें लगभग 6 लाख रुपये खर्च हुए। भाजपा के लोग ऐसी व्यवस्था को क्यों गाली देते हैं? श्राप तो भाजपा के लोगों को लगेगा। गरीब और जरूरतमंद आदमी जब सस्ती दरों पर रोबोटिक सर्जरी करवाने के बाद ठीक होगा, तो वह हमें दुआ देगा।
रोबोटिक सर्जरी के लिए स्पेशल वार्ड लेने वालों से 50,000 रुपये लिए जा रहे हैं, क्योंकि स्पेशल वार्ड लेने वाला व्यक्ति सक्षम है।
पिछले 40 वर्षों में PG की सिर्फ 270 सीटें बढ़ीं; हमने एक साथ 320 नई PG सीटें बढ़ाने का काम किया – CM
पूर्व की भाजपा सरकार चंबा, नाहन और नेरचौक के मेडिकल कॉलेजों के साथ न्याय नहीं कर पाई, जिसकी जरूरत थी। टांडा मेडिकल कॉलेज को शुरू हुए 23 साल हो गए हैं, लेकिन सीनियर रेजिडेंटशिप 15 साल बाद शुरू हो पाई थी और यह काम हमारी सरकार ने किया।
PHCs में डॉक्टरों की कमी थी, हमने वहां नियुक्तियां कीं।
पिछले 40 वर्षों में PG की सिर्फ 270 सीटें बढ़ीं। हमने एक साथ 320 नई PG सीटें बढ़ाने का काम किया है। जहां प्रोफेसरों की कमी बाधा बन रही है, वहां हमने दो-तीन विभागों में 5 लाख रुपये तक के मानदेय पर डॉक्टर रखने की पहल भी की है।
दिसंबर से मार्च के बीच सभी मेडिकल कॉलेजों में स्टाफ नर्सों के पद भरने का लक्ष्य – CM
प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था हमें जिस हालत में मिली थी, उसमें जोनल अस्पतालों और PHC-CHC में ऑक्यूपेंसी करीब 35% थी। स्टाफ नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ और डॉक्टरों के अनेक पद खाली थे, PG भी नहीं चल रही थी।
आज खुशी है कि हम ऑक्यूपेंसी को 65% तक लाने में सफल हुए हैं। अभी 100% की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहे हैं। दिसंबर से मार्च के बीच सभी मेडिकल कॉलेजों में स्टाफ नर्सों के पद भरने का लक्ष्य है। अभी 300 और डॉक्टरों की भर्ती के लिए मैंने रिकमेंडेशन दे दी है, जिन्हें पब्लिक सर्विस कमीशन के माध्यम से भरा जाएगा।
पहली बार प्रदेश में आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों में MO और स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की तैनाती की गई है।
जहाँ भी लापरवाही होगी, उस पर एक्शन लेंगे – CM सुक्खू
मैं एक वीडियो देख रहा था, जिसमें भाजपा के कुछ विधायक विजिलेंस दफ्तर में जा रहे हैं और ऐसे जा रहे हैं, जैसे कि आज़ादी की लड़ाई लड़ने आए हों।
2017 की भाजपा की ही चार्जशीट में सुधीर शर्मा, राजेंद्र राणा और हर्ष महाजन के नाम हैं, जिन पर अब कार्रवाई हो रही है। जयराम जी बताएं, जब चार्जशीट बन रही थी, तब उन्होंने इनके नाम क्यों डाले थे? मैंने थोड़े कहा था कि नाम डालो। ये लोग भाजपा में शामिल हो गए, तो आज जयराम जी उन्हीं के पीछे चले हुए हैं।
अगर आप ऐसे ही रहे तो मैंने आपको कहा है कि 16 विधायक तो नज़र नहीं आएंगे। हमारी सरकार भाजपा की चार्जशीट पर ही इंक्वायरी करवा रही है। इसमें हिमकेयर घोटाला भी है। जहाँ भी लापरवाही होगी, उस पर एक्शन लेंगे।
अगर जयराम जी कहेंगे कि अन्य योजनाओं की भी जांच करवानी चाहिए, तो मैं उसकी भी विजिलेंस इंक्वायरी करवा दूँगा CM सुक्खू
भाजपा के विधायकों ने कहा कि अगर हिमकेयर योजना में घोटाला है, तो इसकी इंक्वायरी करवाइए। मैंने आपकी भावनाओं की कद्र की और इंक्वायरी करवा दी। हिमकेयर योजना में चार मर्दों की बच्चेदानी के ऑपरेशन के बिल बने हैं। अगर जयराम जी कहेंगे कि अन्य योजनाओं की भी जांच करवानी चाहिए, तो मैं उसकी भी विजिलेंस इंक्वायरी करवा दूँगा।
न हमारी नीयत में खोट है, न हमारी सोच में – CM सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि जयराम जी धमकाने की कोशिश क्यों करते हैं? आखिर उन्हें इतना गुस्सा क्यों आता है? क्योंकि जैसे-जैसे सत्ता उनसे दूर होती जा रही है, गुस्सा बढ़ता जा रहा है।
मुझे गुस्सा कभी नहीं आता, क्योंकि मेरे अंदर धैर्य है। अनेक लोगों ने मेरे लिए गड्ढे खोदे, खाइयाँ तैयार कीं, लेकिन देवी-देवताओं और हिमाचल की जनता के आशीर्वाद से 40 साल के लंबे संघर्ष के बाद आज मैं मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठा हूँ।
न हमारी नीयत में खोट है, न हमारी सोच में। हम पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ इस प्रदेश की सेवा कर रहे हैं।













