चंबा में यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, हादसे में 7 लोगों की मौत, 11 यात्री घायल
चंबा में यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, हादसे में 7 लोगों की मौत, 11 यात्री घायल
चंबा : चंबा जिले में शनिवार को तीसा-बैरागढ़ मुख्य सड़क पर शनिवार सुबह करीब सात बजे चलुंज मोड़ के समीप एक निजी बस स्टीयरिंग एंड टूटने से अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे में चालक और परिचालक सहित सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए हैं। तीसा अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया है। बाद में तीन गंभीर घायलों को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। आठ चंबा मेडिकल कॉलेज में ही भर्ती हैं। निजी बस संख्या एचपी-7ए-2101 बैरागढ़ से 18 सवारियां लेकर चंबा की ओर जा रही थी। चलुंज मोड़ के समीप बस का स्टीयरिंग एंड टूटने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क से पलटी खाकर नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी। बस में फंसी सवारियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर बस को सीधा करने का प्रयास किया और पुलिस तथा प्रशासन को सूचना दी। इसके साथ ही स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। एएसपी चंबा दिनेश शर्मा ने कहा कि बैरागढ़ से चंबा आ रही प्राइवेट बस पांच किलोमीटर का सफर तय करने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के दौरान बस में 18 लोग सवार थे। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
सूचना मिलते ही एंबुलेंस भी मौके पर पहुंचीं और घायलों को सिविल अस्पताल तीसा पहुंचाया गया। तीसा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छह घायलों को मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया। वहीं मृतकों के परिजनों को तहसीलदार तीसा आशीष ठाकुर ने 25-25 हजार और घायलों पांच-पांच हजार रुपये की फौरी राहत दी है। उधर, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि हादसे में सात लोगों की मौत हुई है और 11 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का उपचार चल रहा है। घटनास्थल पर ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
राज्यपाल ने चंबा बस हादसे में सात लोगों के निधन पर किया शोक व्यक्त
राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज सुबह चंबा जिले के पटवार वृत्त बैरागढ़ के चालुंज मोड़ के पास हुई बस दुर्घटना में सात लोगों के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। इस दुर्घटना में 11 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि घायलों को हर संभव सहायता एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। अपने शोक संदेश में राज्यपाल ने कहा कि इस दुःख की घड़ी में उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। उन्होंने परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने तथा उनके परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने चंबा जिले में बस दुर्घटना में सात लोगों के निधन पर जताया शोक
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज सुबह चंबा जिले के पटवार वृत्त बैरागढ़ के चालुंज मोड़ के समीप हुई बस दुर्घटना में सात लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। इस बस दुर्घटना में घायल 11 लोग उपचाराधीन हैं। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ लाभ की कामना की हैं। उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में प्रदेश सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।