हमीरपुर: चिकित्सा एवं मेडिकल शिक्षा का एक समग्र संस्थान बनेगा हमीरपुर का मेडिकल कालेज

मरीजों को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और मेडिकल प्रोफेशनल्स को बेहतरीन अवसर देगा यह संस्थान

हमीरपुर : जोल सप्पड़ में निर्माणाधीन डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कालेज हमीरपुर के नए कैंपस में सिर्फ एक आम मेडिकल कालेज एवं अस्पताल ही नहीं, बल्कि चिकित्सा क्षेत्र से संबंधित कई अन्य संस्थानों का एक उत्कृष्ट समावेश देखने को मिलेगा। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू अपने इस ड्रीम प्रोजेक्ट में चिकित्सा और मेडिकल शिक्षा से संबंधित सभी संस्थानों को एक ही स्थान पर स्थापित करने के लिए प्रयासरत हैं, ताकि मरीजों को विभिन्न सुविधाओं के लिए और मेडिकल प्रोफेशनल्स को अध्ययन, अनुसंधान एवं प्रशिक्षण के लिए अन्य संस्थानों का रुख न करना पड़े।

यही कारण है कि मुख्यमंत्री ने इस नए कैंपस में मेडिकल कालेज एवं अस्पताल के अलावा कैंसर केयर संस्थान, डेंटल कालेज, नर्सिंग कालेज, पैरा मेडिकल स्टाफ कालेज, नशा मुक्ति एवं उपचार केंद्र, क्रिटिकल केयर यूनिट, 200 बिस्तर का एक अलग मदर-चाइल्ड अस्पताल और अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों की स्थापना को मंजूरी प्रदान की है। सरकार ने यहां के लिए 8 सुपर स्पेशियलिटी विभाग भी स्वीकृत किए हैं। प्रदेश सरकार अभी तक इस नए कैंपस के लिए लगभग 500 करोड़ रुपये जारी कर चुकी है और आने वाले समय में विभिन्न संस्थानों के ब्लॉकों के निर्माण के लिए भी लगभग 500 करोड़ रुपये का प्रावधान करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अभी इस नए परिसर में अकैडमिक ब्लॉक और अस्पताल भवन का कार्य पूरा हो चुका है। इन दोनों ब्लॉकों में अत्याधुनिक मशीनरी और फर्नीचर स्थापित करने का कार्य चल रहा है। मशीनरी एवं फर्नीचर स्थापित होते ही मेडिकल कालेज एवं अस्पताल के अधिकांश विभाग यहां शिफ्ट कर दिए जाएंगे। इसी परिसर में क्रिटिकल केयर ब्लॉक, सभागार और अन्य भवनों के कार्य तेजी से करवाए जा रहे हैं। कैंसर केयर संस्थान के निर्माण के लिए 90 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। प्रशासनिक ब्लॉक, छात्रावास और अन्य भवनों के निर्माण कार्य शुरू करने के लिए भी सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

आने वाले समय में यहां सुपर स्पेशियलिटी विभाग, रोबोटिक सर्जरी और अन्य अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं भी आरंभ हो जाएंगी। मुख्यमंत्री के इन प्रयासों के परिणामस्वरूप, वह दिन दूर नहीं है, जब हमीरपुर का यह मेडिकल कालेज केवल हिमाचल प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर भारत के उत्कृष्ट चिकित्सा संस्थानों में शामिल होगा।

यह संस्थान केवल मरीजों को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं ही उपलब्ध नहीं करवाएगा, बल्कि बेहतरीन डॉक्टर, डेंटल डॉक्टर, नर्सिंग एवं पैरा मेडिकल स्टाफ भी तैयार करेगा।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed