शिमला : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम बांगचुक को जबरन अनशन से उठाने की कड़ी आलोचना करते हुए कहा है कि बांगचुक देश के युवाओं और उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं, ऐसे में उन्हें जबरन अनशन स्थल से उठाना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।
राजीव भवन में मीडिया से बातचीत करते हुए विनय कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में किसी की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। बांगचुक एक सामाजिक कार्यकर्ता है और पिछले 21 दिनों से वह युवाओं के अधिकारों, शिक्षा में सुधार की मांग के साथ साथ नीट पेपर लीक के विरोध में शांतिपूर्ण तरीके से अनशन पर बैठे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार देश के लोकतंत्र का गला घोंट रही है। भाजपा की तानाशाही नीतियों व निर्णयों से देश का हर वर्ग परेशान है। देश के युवाओं के भविष्य से खिलवाड़, नीट व सीबीएसई जैसे महत्वपूर्ण पेपर लीक करवाएं जा रहें है। विनय कुमार ने प्रदेश में रेल नेटवर्क के विस्तार और लंबित पड़ी रेल योजनाओं को जल्द पूरा करने की मांग केंद्र सरकार से की है।
विनय कुमार ने कहा है कि प्रदेश में रेल लाइन के विस्तार की कई योजनाएं आज दिन तक पूरी नहीं हुई है। विनय कुमार ने अंब इंदौरा रेलवे स्टेशन के आधुनिक स्वरूप देने पर खुशी व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार से हिमाचल प्रदेश के शिमला हेरिटेज रेल लाइन विस्तार की मांग भी की है। विनय कुमार ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में चार प्रमुख रेल प्रोजेक्ट्स विस्तार की राह पर है। इसमें भानुपल्ली बिलासपुर बेरी नई रेल लाइन हिमाचल के सबसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स में से एक है।
औद्योगिक हब ‘बद्दी’ को जोड़ने वाले 33 किलोमीटर के रेल प्रोजेक्ट में 9 किमी लंबे वायडक्ट का लगभग 75 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। उन्होंने केंद्र से इस प्रोजेक्ट के लिए विशेष ग्रांट की मांग की है। उन्होंने कहा कि नंगल डैम तलवाड़ा रेल लिंक दौलतपुर चौक मुकेरियां सेक्शन भी पिछले लंबे समय से लंबित पड़ा है। नंगल बांध से दौलतपुर चौक तक का 60 किमी हिस्सा चालू हो चुका है। दौलतपुर चौक से कार्तौली 10.5 किमी का काम पूरा हो गया है, जबकि कार्तौली-तलवाड़ा और तलवाड़ा-मुकेरियां सेक्शन पर पुलों का निर्माण प्रगति पर है। इसी तरह ऊना हमीरपुर रेल लाईन,बिलासपुर मनाली–लेह रेल लाइन रक्षा मंत्रालय द्वारा घोषित यह देश का सबसे बड़ा और रणनीतिक प्रोजेक्ट है। इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार हो चुकी है। यह मण्डी, मनाली, केलांग और सरचू होते हुए चीन सीमा,लद्दाख को जोड़ेगा। विनय कुमार ने पठानकोट जोगिंदर नगर हेरिटेज ट्रैक को ब्रॉडगेज में बदलने की मांग भी की है।