सोलन: नाहन में पैरापिट पर बैठी महिला को कार ने मारी टक्कर, मौत
सोलन: नाहन में पैरापिट पर बैठी महिला को कार ने मारी टक्कर, मौत
सोलन:नाहन-कुम्हारहट्टी राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार शाम कैदी को सोलन की अदालत से पेशी के बाद नाहन ला रही पुलिस जवानों की निजी गाड़ी ने सड़क किनारे बैठी महिला को कुचल दिया। हादसे में महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि वाहन में सवार दोनों पुलिस जवान नशे की हालत में थे। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आरोपों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने दोनों जवानों के नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं। मृतका बाला देवी स्थानीय स्कूल में मिड-डे मील कर्मी थीं।
एएसपी योगेश रोल्टा हादसे के बाद मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचे। यहां महिला के परिजनों को शांत किया और उन्हें समझाया कि पुलिस निष्पक्ष जांच कर रही है। एएसपी ने बताया कि दोनों पुलिस कर्मियों के खून व पेशाब के सैंपल एकत्रित कर लिए गए हैं। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। कैदी को नाहन जेल में भेज दिया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद कुछ समय तक पुलिसकर्मी और घायल महिला मौके पर ही रहे। बाद में लोग वहां पहुंचे और महिला को मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय महिला सड़क किनारे अपने पशु चरा रही थीं, तभी वाहन उनकी ओर अनियंत्रित होकर आ गया। मेडिकल कालेज में मौके पर जुटे लोगों ने आोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है। उन्होंने कैदी के बयान दर्ज करवाने की भी मांग की है।
पुलिस थाना सदर नाहन की अतिरिक्त थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सीता देवी मेडिकल कॉलेज पहुंचीं। हादसे के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मेडिकल कॉलेज और घटनास्थल पर एकत्र हो गए। लोगों ने पुलिस जवानों पर नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा स्वयं मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया और कहा कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।