शिमल: राजधानी शिमला के संजौली स्थित विशाल मार्ट के पीछे शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक घर के ऊपर भारी मात्रा में मलबा और पत्थर गिरने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मलबा यशपाल के घर के ऊपर आ गिरा। घटना के समय घर में परिवार के दो युवक मौजूद थे, जिन्होंने समय रहते बाहर भागकर अपनी जान बचा ली। परिवार का कहना है कि मलबा गिरने के तुरंत बाद प्रशासन को इसकी सूचना दे दी गई थी, लेकिन देर शाम तक न तो कोई राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और न ही मलबा हटाने की कोई कार्रवाई शुरू की गई। परिवार ने आरोप लगाया कि लगातार भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, जिससे घर और आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से तत्काल मलबा हटाने और पहाड़ी को सुरक्षित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। उनका कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
प्रदेश में मानसून के सक्रिय होने के साथ ही भूस्खलन और मलबा गिरने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में इस घटना ने एक बार फिर मानसून के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं और प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने भी संवेदनशील क्षेत्रों में त्वरित राहत एवं बचाव व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।