बिलासपुर: श्री नैना देवी जी श्रावण अष्टमी मेले को लेकर जिला प्रशासन ने शुरू की तैयारियां; 13 से 22 अगस्त तक आयोजित होगा मेला

उपायुक्त की अध्यक्षता में बैठक आयोजित

श्री नैना देवी जी (बिलासपुर):  उपायुक्त एवं आयुक्त, श्री नैना देवी जी मंदिर ट्रस्ट राहुल कुमार की अध्यक्षता में आगामी 13 से 22 अगस्त तक आयोजित होने वाले श्रावण अष्टमी मेले की तैयारियों को लेकर आज (शुक्रवार) को मातृ आंचल भवन, श्री नैना देवी जी में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए विभिन्न विभागों द्वारा किए जाने वाले प्रबंधों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान भी उपस्थित रहे।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि अतिरिक्त उपायुक्त मेला अधिकारी जबकि एसडीएम श्री नैना देवी जी सहायक मेला अधिकारी होंगे। इसी तरह अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बिलासपुर पुलिस मेला अधिकारी जबकि डीएसपी श्री नैना देवी जी सहायक पुलिस मेला अधिकारी के तौर पर तैनात रहेंगे। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेला क्षेत्र को 9 सेक्टरों में विभाजित किया जाएगा तथा प्रत्येक सेक्टर में एक-एक सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर पुलिस अधिकारी की तैनाती की जाएगी। इसके अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था के लिए 400 से अधिक सुरक्षा कर्मियों की तैनाती रहेगी। श्रद्धालुओं की भीड़ को सुव्यवस्थित ढंग से नियंत्रित करने के लिए बस अड्डे से मुख्य मंदिर तक 6 बैरिकेड स्थापित किए जाएंगे।

उपायुक्त ने कहा कि श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए व्यापक प्रबंध किए जाएंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बिलासपुर मेला चिकित्सा अधिकारी तथा बीएमओ, श्री नैना देवी जी सहायक मेला चिकित्सा अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर 6 स्थायी एवं अस्थायी चिकित्सा सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए टोबा, घवांडल तथा रोप-वे सहित तीन प्रमुख स्थानों पर बैरियर स्थापित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत विशेष बस सेवाएं भी संचालित की जाएंगी।

उपायुक्त ने कहा कि मेला अवधि के दौरान लंगर लगाने के लिए ऑनलाइन अनुमति एसडीएम कार्यालय श्री नैना देवी जी द्वारा दी जाएगी। इस दौरान समुचित साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए लंगर आयोजकों को सख्त नियमों का पालन करना सुनिश्चित बनाया जाएगा। साथ ही ग्रीन मेला की एक अभिनव पहल करते हुए जहां साफ-सफाई को विशेष अधिमान दिया जाएगा तो वहीं नो प्लास्टिक यूज को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने नगर परिषद श्री नैना देवी जी को मेला अवधि के दौरान समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम समयबद्ध उठाने के निर्देश दिये। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पंजाब से आने वाले लगभग 300 स्वयं सेवकों की भी तैनाती रहेगी। उन्होंने कहा कि आपदा की दृष्टि से त्वरित कार्य बल (क्यूआरटी) टीम की भी तैनाती रहेगी ताकि किसी विपरीत परिस्थिति में तुरंत आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

राहुल कुमार ने स्वास्थ्य तथा खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग को मेले के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से सैंपलिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल शक्ति विभाग को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल तथा विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते पूर्ण करने को भी कहा।

उपायुक्त ने कहा कि मेला अवधि के दौरान माता जी की पिंडी के सीधा प्रसारण करने को विभिन्न स्थानों पर तीन एलईडी स्क्रीन को भी स्थापित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त मेला क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को एक जर्मन हैंगर भी स्थापित किया जाएगा जिसमें लगभग एक हजार श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था रहेगी। साथ ही पूरा मेला क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से भी सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने सभी विभागों से सामूहिक भागीदारी के साथ कार्य करते हुए मेला आयोजन को सफल बनाने के लिए अपना संपूर्ण सहयोग प्रदान करने को भी कहा। जिला प्रशासन का संपूर्ण प्रयास रहेगा कि मेला अवधि के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इस दिशा में हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।

बैठक का संचालन एसडीएम श्री नैना देवी जी धर्मपाल ने किया तथा मेला आयोजन के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान के अतिरिक्त विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान, नगर परिषद श्री नैना देवी जी के प्रतिनिधियों सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

उपायुक्त ने मंदिर में की पूजा-अर्चना, जिला वासियों की सुख समृद्धि की कामना की

बैठक के उपरांत उपायुक्त ने मां श्री नैना देवी जी के मंदिर में पूजा अर्चना की तथा जिला वासियों की सुख समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया तथा आवश्यक आवश्यक जानकारी प्राप्त की। इस बीच मंदिर न्यास की ओर से उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक को माता की पवित्र चुनरी भी भेंट की।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed