प्रकृति का संरक्षण ही मानवता का संरक्षण, पर्यावरण बचाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी – सुरेश भारद्वाज

विश्व पर्यावरण दिवस पर ऑर्किड स्कूल न्यू शिमला में हुआ पौधारोपण कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने भी लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

शिमला: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर न्यू शिमला स्थित ऑर्किड स्कूल में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और प्रकृति के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। इस अवसर पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए गए तथा उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आना होगा।

सुरेश भारद्वाज ने कहा, “प्रकृति का संरक्षण ही मानवता का संरक्षण है। यदि हम प्रकृति को सुरक्षित रखेंगे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण, शुद्ध जल और बेहतर जीवन प्रदान कर सकेंगे। प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। पौधारोपण केवल औपचारिकता न बनकर जनभागीदारी का अभियान बनना चाहिए।”

भाजपा प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी सुदीप महाजन ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस हमें प्रकृति के प्रति अपने कर्तव्यों का स्मरण कराता है। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा भविष्य में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ समाज को स्वच्छ वायु और हरियाली प्रदान करेगा। पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देना समय की आवश्यकता है और इसमें युवाओं तथा विद्यार्थियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में ऑर्किड स्कूल के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने, पर्यावरण की रक्षा करने तथा स्वच्छ और हरित वातावरण के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, भाजपा प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी सुदीप महाजन, कसुम्पटी शहरी मंडल अध्यक्ष भारत भूषण ठाकुर, मंडल महामंत्री मनु भारद्वाज, पटियोग वार्ड पार्षद आशा शर्मा, न्यू शिमला वार्ड पार्षद निशा ठाकुर, कसुम्पटी सोशल मीडिया संयोजक अरविंद कुमार, उदय वर्मा, हितेश ठाकुर, शांता नेगी, सुमन पाल दत्ता, ओम प्रकाश शर्मा, अजय जरेट, अजय गौतम, भूप राम वर्मा, दमयंती शर्मा, अजय कोंडल, सूर्या मेहता, ऑर्किड स्कूल की प्रिंसिपल नीलम विज सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और अधिक से अधिक पौधारोपण करने का संकल्प लेते हुए पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प दोहराया।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed