हिमाचल पंचायत चुनाव: 28 मई को दूसरे चरण का चुनाव, 17.30 लाख मतदाता करेंगे अपने मत का प्रयोग

हिमाचल: पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य निर्वाचन-2026 के प्रथम चरण का मतदान दिनांक 26.05.2026 को सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया है। पंचायत समिति व् जिला परिषद् के मतों की गणना 31.05.2026 को होनी है जबकि पंचायतों में प्रधान, उप-प्रधान एवं वार्ड सदस्य पदों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं।

पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचन-2026 के द्वितीय चरण में कुल 1276 पंचायतों में मतदान दिनांक 28.05.2026 को आयोजित किया जाएगा। द्वितीय चरण के लिए कुल 17,30,030 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 8,74,416 पुरुष मतदाता, 8,55,597 महिला मतदाता तथा 17 अन्य मतदाता शामिल हैं। जिला वार कुल मतदाताओं का ब्यौरा निम्नलिखित है :-

जिला चम्बा के तीसा विकास खण्ड की ग्राम पंचायत समवाल के वार्ड संख्या-2 में निर्वाचन स्थगित किया गया है क्योंकि उक्त वार्ड में पीठासीन अधिकारी द्वारा कुछ मतदाताओं को साथी (companion) के साथ मतदान करने की अनुमति दी गयी परन्तु पीठासीन अधिकारी द्वारा नियमानुसार ऐसे साथी मतदाता से निर्धारित प्रपत्र पर घोषणा नहीं ली गयी जिससे की मतदान की प्रक्रिया की शुचिता भंग हो गयी थी। अतः आयोग द्वारा इस वार्ड में पुनः मतदान करवाने का निर्णय लिया गया है। इस वार्ड में मतदान अब दिनांक 30 मई, 2026 को होगा तथा मतगणना एवं परिणामों की घोषणा 31 मई, 2026 को की जाएगी।

इसके अतिरिक्त, जिला सिरमौर के पच्छाद विकास खण्ड की ग्राम पंचायत बनाह-धीनी में जिला परिषद निर्वाचन में प्रयुक्त मतपेटी का पंचायत चुनाव में प्रयुक्त मतपेटी के साथ त्रुटिवश अदला-बदली हो जाने के कारण मतगणना प्रक्रिया स्थगित की गई थी। उक्त पंचायत की मतगणना आज पुलिस सुरक्षा के मध्य सम्पन्न करवाई जाएगी।

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा द्वितीय चरण के मतदान के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ सुनिश्चित की गई हैं तथा निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु समुचित प्रबंध किए गए हैं।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed