मोदी सरकार की योजनाओं पर वोट मांग रही कांग्रेस , मण्डी से किए विश्वासघात का दे हिसाब – राकेश जमवाल
मोदी सरकार की योजनाओं पर वोट मांग रही कांग्रेस , मण्डी से किए विश्वासघात का दे हिसाब – राकेश जमवाल
मण्डी : भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने मंडी नगर निगम चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखु , प्रदेश सरकार और लोक निर्माण मंत्री पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने पूरे हिमाचल प्रदेश विशेषकर मंडी के साथ लगातार भेदभाव किया है और अब चुनाव आते ही झूठे वादों और दिखावटी दौरों के सहारे जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन इस बार मंडी की जागरूक जनता कांग्रेस को लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब देने जा रही है। राकेश जमवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का सबसे बड़ा राजनीतिक पाखंड यह है कि एक तरफ उनके नेता हर मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार को कोसते हैं, वहीं दूसरी ओर नगर निगम चुनाव में उन्हीं केंद्र की योजनाओं और मोदी सरकार द्वारा दिए गए विकास कार्यों के नाम पर वोट मांग रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खु और उनकी सरकार ने सत्ता में आते ही बदले की राजनीति शुरू कर दी। भाजपा सरकार के समय शुरू की गई जनहित की परियोजनाओं को बंद करने का अभियान चलाया गया। मंडी से जुड़े महत्वपूर्ण संस्थानों को कमजोर किया गया, विकास कार्यों पर रोक लगाई गई और केवल राजनीतिक द्वेष के कारण जनता के हितों की बलि चढ़ाई गई। सरदार पटेल विश्वविद्यालय आज बदहाली का शिकार है, लेकिन मुख्यमंत्री और उनके मंत्री मौन हैं। शिवधाम जैसी महत्वाकांक्षी परियोजना को बंद कर दिया गया, जिससे मंडी की धार्मिक और पर्यटन संभावनाओं को गहरा नुकसान पहुंचा। कांग्रेस सरकार ने मंडी की पहचान और भविष्य दोनों पर हमला किया है।
राकेश जमवाल ने कहा कि लोक निर्माण मंत्री को चुनाव के समय ही मंडी की याद आती है। लोकसभा चुनाव में भी वे मंडी आए, बड़े-बड़े दावे किए और चुनाव समाप्त होते ही जनता को भूल गए। जिस क्षेत्र से चुनाव लड़ा, उसी क्षेत्र को सबसे अधिक उपेक्षित किया गया। आज फिर नगर निगम चुनाव देखकर पूरा मंत्रिमंडल मंडी में डेरा डाले बैठा है, मानो सरकार चलाना छोड़कर केवल चुनाव प्रबंधन ही उनका एकमात्र काम रह गया हो।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खु प्रदेश की आर्थिक बदहाली के सबसे बड़े जिम्मेदार हैं। कांग्रेस सरकार ने हिमाचल को कर्ज के दलदल में धकेल दिया है। विकास कार्य ठप हैं, कर्मचारियों और पेंशनरों में असंतोष है, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और सरकार केवल विज्ञापनों और सोशल मीडिया की राजनीति में व्यस्त है। प्रदेश में हर वर्ग अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। कांग्रेस ने चुनाव से पहले जो गारंटियां दी थीं, वे आज सबसे बड़ा मजाक बन चुकी हैं।
राकेश जमवाल ने कहा कि मंडी में जो भी विकास कार्य दिखाई दे रहे हैं, वे सभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की देन हैं। सड़कों से लेकर जल योजनाओं तक, भवनों से लेकर अन्य विकास परियोजनाओं तक हर जगह केंद्र सरकार का योगदान है। लेकिन लोक निर्माण मंत्री केवल फेसबुक पर फोटो डालकर और अपने नाम का प्रचार कर झूठा श्रेय लेने में लगे हुए हैं। सच्चाई यह है कि उनका योगदान केवल विभागीय कुर्सी तक सीमित है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने हिमाचल को विकास के रास्ते से हटाकर राजनीतिक प्रतिशोध की राजनीति में धकेल दिया है। मुख्यमंत्री सुक्खु हर उस क्षेत्र और वर्ग से बदला लेने का काम कर रहे हैं जिसने भाजपा का समर्थन किया। यही कारण है कि आज प्रदेश में असंतोष चरम पर है और जनता कांग्रेस सरकार से पूरी तरह निराश हो चुकी है।
राकेश जमवाल ने कहा कि मंडी नगर निगम चुनाव केवल स्थानीय चुनाव नहीं बल्कि कांग्रेस सरकार की विफलताओं पर जनता का जनमत संग्रह है। मुख्यमंत्री से लेकर पूरा मंत्रिमंडल मंडी में उतर जाए, उसके बावजूद कांग्रेस की हार तय है। मंडी की जनता इस चुनाव में अहंकारी और जनविरोधी सरकार को स्पष्ट संदेश देने जा रही है कि जनता विकास चाहती है, बदले की राजनीति नहीं।