ऊना: पंचायती राज संस्थानों के सामान्य चुनाव-2026 के तहत ऊना जिला में नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन गुरुवार को कुल 1,787 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इनमें 10 जिला परिषद, 114 पंचायत समिति, 388 प्रधान, 366 उप प्रधान और 909 वार्ड सदस्य पद के प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र भरे। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त जतिन लाल ने दी।
उन्होंने बताया कि उपमंडल ऊना के अंतर्गत 267 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र विभिन्न पदों के लिए दायरे किए हैं। इनमें 2 उम्मीदवारों ने जिला परिषद, 11 उम्मीदवारों ने पंचायत समिति, 62 उम्मीदवारों ने प्रधान पद, 52 उम्मीदवारों ने उप प्रधान और 140 उम्मीदवारों ने वार्ड पंच के नामांकन भरे हैं।
इसी तरह गगरेट में 329 प्रत्याशियों ने नामांकन भरे हैं जिनमें 4 प्रत्याशी जिला परिषद, 17 प्रत्याशी पंचायत समिति, 70 प्रत्याशी प्रधान पद, 68 प्रत्याशी उप प्रधान पद और 170 प्रत्याशी वार्ड सदस्य के हैं।
उपमंडल अंब में कुल 456 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इनमें 1 जिला परिषद, 37 पंचायत समिति, 91 प्रधान पद के लिए, 105 उप प्रधान पद और 222 वार्ड सदस्य उम्मीदवार शामिल हैं।
वहीं, उपमंडल हरोली में 311 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र भरे हैं जिनमें 2 जिला परिषद, 25 पंचायत समिति सदस्य, 70 प्रधान, 55 उप प्रधान और 159 वार्ड सदस्य प्रत्याशी शामिल हैं।
इसके अलावा उपमंडल बंगाणा में कुल 424 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र भरे हैं। इनमें 1 जिला परिषद, 24 पंचायत समिति, 95 प्रधान पद, 86 उप प्रधान पद और 218 वार्ड सदस्य उम्मीदवार शामिल हैं।
जतिन लाल ने बताया कि इसके उपरांत अब नामांकन पत्र 8 तथा 11 मई को भी प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक संबंधित अधिकारियों के समक्ष दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 12 मई को प्रातः 10 बजे से होगी, जबकि 14 एवं 15 मई को उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण होने के तुरंत बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आबंटित किए जाएंगे तथा अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।