नप रोहड़ू चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया समाप्त; अंतिम दिन 13 प्रत्याशियों ने भरे नामांकन पत्र
नप रोहड़ू चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया समाप्त; अंतिम दिन 13 प्रत्याशियों ने भरे नामांकन पत्र
रोहड़ू: नगर परिषद रोहड़ू के वार्ड सदस्यों के चुनाव हेतु नामांकन प्रक्रिया आज विधिवत रूप से संपन्न हो गई। नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन कुल 13 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इसके साथ ही अब नगर परिषद रोहड़ू चुनाव के लिए कुल 23 उम्मीदवारों ने नामांकन किया है। सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं नायब तहसीलदार रोहड़ू, डी.एन. शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत दोपहर 3 बजे तक विभिन्न वार्डों से उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 1 (दशालनी) से रमा देवी, वार्ड नंबर 2 (अपर बाजार) से पारुल एवं ऊषा शर्मा, वार्ड नंबर 3 (मुख्य बाजार) से सुजय अग्रवाल एवं रंजना रेटका, वार्ड नंबर 4 (सेरी एवं समाला) से रंजीता, वार्ड नंबर 5 (बस स्टैंड क्षेत्र) से राज कुमार, वार्ड नंबर 6 (ब्लॉक क्षेत्र) से बीना देवी एवं प्रीति चौहान, वार्ड नंबर 7 (कोर्ट रोड क्षेत्र) से जितेंद्र चौहान, वार्ड नंबर 8 (बावटीनाला) से पन्ना लाल एवं सोहन लाल तथा वार्ड नंबर 9 (शक्तिनगर) से शालू दत्ता एवं सिमरन कौर ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
उन्होंने बताया कि नामांकन प्रक्रिया पूर्ण होने तक कुल 23 उम्मीदवारों ने नामांकन किया है। नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) 08 मई को की जाएगी, जबकि नामांकन वापस लेने की तिथि 11 मई निर्धारित की गई है।