नगर परिषद सुंदरनगर में नामांकन के दूसरे दिन 10 उम्मीदवारों ने भरे नामांकन पत्र

*अब तक कुल 20 नामांकन पत्र दाखिल*

सुंदरनगर: नगर परिषद सुंदरनगर चुनाव-2026 के अंतर्गत नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन वीरवार को विभिन्न वार्डों से कुल 10 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इस प्रकार दो दिनों में अब तक कुल 20 उम्मीदवार नामांकन पत्र दाखिल कर चुके हैं।

निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि वार्ड-1 बाड़ी कुलवाड़ा से विनोद कुमार, वार्ड-2 बनेड से कंचन सेन एवं कल्पना वर्मा, वार्ड-3 पुंघ से सुनीता देवी, वार्ड-6 बाहोट से राजेश कुमार शर्मा, वार्ड-8 अंबेडकर नगर से राम सिंह एवं हंस राज, वार्ड-11 पुराना बाजार से नरेश कुमार सेन एवं योगिंद्र कुमार तथा वार्ड-12 पश्चिम कॉलोनी से रक्षा धीमान ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।

उन्होंने बताया कि उम्मीदवार 2 मई को प्रातः 11:00 बजे से सायं 3:00 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं, जबकि 1 मई को अवकाश के कारण नामांकन प्रक्रिया नहीं होगी। प्राप्त नामांकन पत्रों की जांच 4 मई को की जाएगी। इच्छुक उम्मीदवार 6 मई को सायं 3:00 बजे तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद उसी दिन शेष उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।

उन्होंने आगे बताया कि संबंधित वार्डों में 17 मई को प्रातः 7:00 बजे से सायं 3:00 बजे तक मतदान होगा। मतदान उपरांत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed