सुंदरनगर: सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग हिमाचल प्रदेश की अधिसूचना के अनुसार बाल विकास परियोजना अधिकारी सुंदरनगर के अंतर्गत नगर परिषद सुंदरनगर के वार्ड 4- सलाह एवं वार्ड 10-रोपा में आंगनवाड़ी सह-स्थापित क्रेच केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
इन केंद्रों के संचालन हेतु क्रेच कार्यकर्ता एवं क्रेच सहायिका के पदों पर नियुक्ति की जानी है। पूर्व में आमंत्रित आवेदनों के बावजूद संबंधित फीडर एरिया से कोई आवेदन प्राप्त न होने के कारण अब इच्छुक स्थानीय महिला अभ्यर्थियों से पुनः सादे कागज पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवेदन बाल विकास परियोजना अधिकारी सुंदरनगर के कार्यालय में 26 मई 2026 सायं 5:00 बजे तक जमा करवा सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर 30 मई 2026 को प्रातः 10:00 बजे साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। साक्षात्कार के समय सभी अभ्यर्थियों को अपने मूल प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
क्रेच कार्यकर्ता पद के लिए अभ्यर्थी का संबंधित आंगनवाड़ी सह-क्रेच केंद्र के क्षेत्र का निवासी होना आवश्यक है तथा न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10+2 (बारहवीं) उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। वहीं क्रेच सहायिका पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास रखी गई है।
दोनों पदों के लिए अभ्यर्थी की आयु 12 मार्च 2026 को 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। साथ ही अभ्यर्थी के परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आय प्रमाण पत्र तहसीलदार, नायब तहसीलदार या कार्यकारी दण्डाधिकारी द्वारा जारी होना अनिवार्य है।
बाल विकास परियोजना अधिकारी सुंदरनगर, पूनम चौहान ने पात्र महिला अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि तक आवेदन जमा करने का आग्रह किया है। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।