ताज़ा समाचार

मण्डी: नगर परिषद जोगिन्दर नगर वार्ड सदस्य चुनाव प्रक्रिया घोषित, 29, 30 अप्रैल व 2 मई को नामांकन; 4 मई को नामांकन पत्रों की जांच, 6 तक नाम वापसी संभव

जोगिन्दर नगर: राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदेश के शहरी निकायों (नगर परिषदों एवं नगर पंचायतों) के वार्ड सदस्यों के चुनाव हेतु चुनाव प्रक्रिया घोषित कर दी गई है। इसी क्रम में नगर परिषद जोगिन्दर नगर के सात वार्डों के लिए चुनाव प्रक्रिया भी निर्धारित कर दी गई है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम मनीश चौधरी ने बताया कि नगर परिषद जोगिन्दर नगर के सात वार्ड सदस्यों के चुनाव के लिए 29, 30 अप्रैल एवं 2 मई को प्रातः 11 बजे से सायं 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे।

उन्होंने बताया कि प्राप्त नामांकन पत्रों की जांच 4 मई को की जाएगी, जबकि इच्छुक उम्मीदवार 6 मई को सायं 3 बजे तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी के उपरांत उसी दिन चुनाव मैदान में बचे उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।

उन्होंने आगे बताया कि यदि आवश्यक हुआ तो संबंधित वार्डों में 17 मई को प्रातः 7 बजे से सायं 3 बजे तक मतदान करवाया जाएगा। मतदान उपरांत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।

*नगर परिषद जोगिन्दर नगर में कुल सात वार्ड*

नगर परिषद जोगिन्दर नगर क्षेत्र में कुल सात वार्ड हैं, जिनमें पहला लक्ष्मी बाजार, दूसरा गरोडू, तीसरा कॉलेज क्षेत्र, चौथा समलोट, पांचवां अप्पर सेरी, छठा लोअर सेरी तथा सातवां शानन वार्ड शामिल हैं।

इस बार पहला लक्ष्मी बाजार तथा चार समलोट वार्ड अनारक्षित रखे गए हैं। वार्ड नंबर छठा लोअर सेरी अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है, साथ ही वार्ड नंबर तीन कॉलेज क्षेत्र महिला अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं जबकि वार्ड नंबर दो गरोड़ू, वार्ड नंबर पांचवा अप्पर सेरी तथा वार्ड नम्बर सात महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed