चंबा: एनएच 154-A की बदहाल स्थिति पर विधायक डॉ. जनक का तीखा विरोध…स्थानीय लोगों के साथ पर्यटक भी धरना प्रदर्शन में हुए शामिल
चंबा: एनएच 154-A की बदहाल स्थिति पर विधायक डॉ. जनक का तीखा विरोध…स्थानीय लोगों के साथ पर्यटक भी धरना प्रदर्शन में हुए शामिल
चंबा: भरमौर में विधायक डॉ. जनक राज ने आज क्षेत्र के राष्ट्रीय उच्च मार्ग 154-A की खस्ता हालत को लेकर राख ले पास पर जोरदार चक्का जाम किया। इस दौरान प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई और सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए गए। स्थानीय लोगों के साथ पर्यटक भी धरना प्रदर्शन में शामिल हुए।
डॉ. जनक राज ने कहा कि एनएच 154-A की बदहाली आम जनता, यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए लगातार परेशानी का कारण बनी हुई है। इस वर्ष की प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा आने वाले चार महीनों में शुरू होने वाली है और सड़क की जर्जर स्थिति के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है, लेकिन प्रदेश सरकार इस ओर पूरी तरह से उदासीन बनी हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा सड़क के रख-रखाव और सुधार के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाई जा रही है, लेकिन प्रदेश सरकार द्वारा इस धन का सही उपयोग नहीं किया जा रहा है। यह सीधा-सीधा जनता के हितों के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि बार-बार चेतावनी देने और मुद्दा उठाने के बावजूद सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिसके चलते मजबूर होकर जनता के साथ सड़क पर उतरकर विरोध करना पड़ा।
डॉ. जनक राज ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क की स्थिति में सुधार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी। अंत में उन्होंने प्रशासन से मांग की कि तत्काल प्रभाव से एनएच 154-A के मरम्मत कार्य शुरू किए जाएं ताकि आम जनता को राहत मिल सके। पंद्रह मई से पहले अगर सुधार कार्य नहीं शुरू हुआ तो बीच सड़क में तंबू गाड़ कर अनिश्चितकालीन धरना किया जाएगा।