जिला स्तरीय किसान मेला पधर में खेलकूद प्रतियोगिताओं का रोमांच, वॉलीबॉल में जोगिंदर नगर और कबड्डी में संधोल ने मारी बाजी
जिला स्तरीय किसान मेला पधर में खेलकूद प्रतियोगिताओं का रोमांच, वॉलीबॉल में जोगिंदर नगर और कबड्डी में संधोल ने मारी बाजी
मण्डी/पधर: जिला स्तरीय किसान मेला पधर के चौथे दिन खेलकूद प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मेले के अवसर पर आयोजित वॉलीबॉल और कबड्डी प्रतियोगिताओं में क्षेत्रभर की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा मुकाबले बेहद रोमांचक रहे।
वॉलीबॉल प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के शुरुआती मुकाबलों से लेकर फाइनल मैच तक खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबला कुन्नू और जोगिंदर नगर की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें जोगिंदर नगर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया। उपविजेता टीम कुन्नू रही।
वहीं कबड्डी प्रतियोगिता में कुल पांच टीमों ने भाग लिया। कबड्डी के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमखम, रणनीति और खेल भावना का परिचय दिया। फाइनल मुकाबला संधोल तथा रॉयल बॉयज डायनापार्क के बीच खेला गया, जिसमें संधोल की टीम विजेता रही, जबकि रॉयल बॉयज डायनापार्क की टीम उपविजेता रही।
मेले के चौथे दिन पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें पहलवानों ने जोर-आजमाइश दिखाई।
इस अवसर पर मेला अध्यक्ष एवं उपमंडलाधिकारी पधर सुरजीत सिंह ने कहा कि किसान मेला केवल सांस्कृतिक विरासत और व्यापारिक गतिविधियों का मंच नहीं, बल्कि युवाओं को खेलों से जोड़ने का भी सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने सभी विजेता एवं प्रतिभागी टीमों को बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में भी मेले के माध्यम से खेल गतिविधियों को और अधिक बढ़ावा दिया जाएगा।