· राजस्व मामलों के त्वरित निपटारे को दें सर्वोच्च प्राथमिकता- अपूर्व देवगन
मण्डी: उपायुक्त अपूर्व देवगन ने आज वीरवार को सुंदरनगर उपमंडल की दूरदराज तहसील निहरी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजस्व रिकॉर्ड का गहनता से अवलोकन किया और राजस्व अधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे बारे आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपूर्व देवगन ने कहा कि प्रदेश सरकार राजस्व मामलों के त्वरित निपटारे को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान कर रही है। इसके तहत मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की पहल पर राजस्व लोक अदालत प्रदेशभर में आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशों को जमीनी स्तर पर लागू करने में सभी राजस्व अधिकारी पूरी तत्परता से कार्य करें, ताकि लोगों को सरकार की इस पहल का समय पर पूरा लाभ मिल सके।
उपायुक्त ने इस अवसर पर राजस्व रिकॉर्ड से संबंधित फाइलों का एक-एक कर गहनता से निरीक्षण किया। उन्होंने तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार कोर्ट में लंबित मामलों का भी ब्यौरा प्राप्त किया। तहसीलदार कोर्ट में तकसीम का एक, निशानदेही के तीन तथा दुरुस्ती के दो मामले लंबित पाए गए। वहीं नायब तहसीलदार के कोर्ट में तकसीम के 9, निशानदेही के 12 तथा दुरुस्ती के 7 मामले लंबित पाए गए। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि निशानदेही एवं दुरुस्ती के मामलों का निपटारा 30 अप्रैल, 2026 तक सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नायब तहसीलदार की कोर्ट में लंबित मामलों की अधिकता के दृष्टिगत इन्हें तहसीलदार कोर्ट में भेजने बारे उपमंडलाधिकारी (ना.) को आवश्यक कार्रवाई के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी राजस्व अधिकारी पूरी तत्परता, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण भाव से कार्य करें, ताकि लोगों को राजस्व मामलों के निपटान में सुविधा मिल सके। उन्होंने बेहतर कार्य करने वाले राजस्व अधिकारियों का उत्साहवर्धन भी किया।
उपमंलाधिकारी (ना.) अमर नेगी, जिला राजस्व अधिकारी हरीश शर्मा सहित निहरी तहसील के अंतर्गत तीन क्षेत्रीय कानूनगो एवं 18 पटवार वृत्त से संबंधित राजस्व अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित रहे।