पालमपुर थुरल में बीड़ से दिल्ली जा रही वॉल्वो बस हमला,चालक परिचालक घायल
पालमपुर थुरल में बीड़ से दिल्ली जा रही वॉल्वो बस हमला,चालक परिचालक घायल
कांगड़ा: पालमपुर के समीप थुरल क्षेत्र में बुधवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां बीड़ से दिल्ली जा रही एक वोल्वो बस पर थार सवार हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में बस के चालक और परिचालक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना बुधवार रात 8:40 PM की है। आरोपी पठानकोट के रहने वाले हैं, जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात थुरल में थार गाड़ी में सवार हमलावरों ने बस को रुकवाया और चालक राज कुमार (48) निवासी पंजयाला (बैजनाथ) और परिचालक प्रवेश कुमार निवासी ज्वालामुखी पर चाकू से हमला कर दिया। दोनों के पेट और पीठ पर गहरे घाव आए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद थुरल अस्पताल से टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान बलविन्दर सिंह (45) पुत्र सूरी लाल निवासी मकान नंबर 449 ढांगू रोड पठानकोट पंजाब, निशान पाल (46) पुत्र खजान चंद निवासी सागला दसूया जिला होशियारपुर पंजाब और अलीश (21) पुत्र बलदेन राज इंदिरा कॉलोनी नंदपुर टंकी जंक्शन हाउस जिला पठानकोट पंजाब के तौर पर हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू, एक पिस्तौल और नशीला पदार्थ बरामद किया है। हमले में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया है।