शिमला: पुलिस थाना ठियोग की टीम ने नियमित गश्त और नाका चेकिंग के दौरान बाईपास ठियोग के पास चार युवकों को लगभग 10 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन वर्मा (37), संजीव कुमार (35), रोहित कुमार (33) और निखिल (33) के रूप में हुई है, जो सभी ठियोग क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने पूछताछ के आधार पर मादक पदार्थों की आपूर्ति का पता लगाया। जांच में सामने आया कि यह खेप बाहरी राज्य से लाई गई थी। पुलिस ने इस दिशा में कार्रवाई करते हुए 23 मार्च 2026 को मुख्य सप्लायर सन्नी राठौर (48), निवासी अबोहर, जिला फाजिल्का को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को धारा 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत नामजद किया गया है। पुलिस के अनुसारए गिरफ्तार किए गए सप्लायर को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और मामले की जांच जारी है। पुलिस द्वारा अब केवल ड्रग्स की बरामदगी तक सीमित न रहकर सप्लाई चेन के स्रोत तक पहुंचने की रणनीति अपनाई जा रही है। आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में बैकवर्ड लिंकज के तहत केवल 1 आरोपी को गिरफ्तार किया गया था, जबकि वर्ष 2026 में इस दिशा में तेज कार्रवाई करते हुए मात्र डेढ़ महीने में ही 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दिशा में की गई कार्रवाई से यह स्पष्ट होता है कि पुलिस अब सप्लाई चेन के मूल स्रोत (बैकवर्ड लिंकज) पर प्रभावी प्रहार कर रही है, जिससे मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण सफलता मिल रही है।
शिमला पुलिस भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रखते हुए समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।