राजस्व घाटा अनुदान बंद करना प्रदेश के साथ बहुत बड़ा अन्याय – विनय कुमार
राजस्व घाटा अनुदान बंद करना प्रदेश के साथ बहुत बड़ा अन्याय – विनय कुमार
शिमला : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने केंद्र की मोदी सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा है कि आज देश में कमजोर होती मुद्रास्फीति, बढ़ती महंगाई,बेरोजगारी व पेट्रोलियम, एलपीजी की भारी कमी व गंभीर हालात के लिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरी तरह जिम्मेवार है। ट्रम्प के हाथ की कठपुतली बन कर प्रधानमंत्री ने देश की विदेश नीति को कमजोर कर दिया है और यही वजह है कि आज देश पश्चिमी देशों के युद्ध के चलते गंभीर चुनौतियो का सामना करने पर मजबूर हो गया है। विनय कुमार ने आज यहां कहा कि देश में बढ़ती एलपीजी की कमी की वजह से आम लोग बहुत ही परेशानी झेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर प्रधानमंत्री ट्रम्प के हाथों न खेलते तो आज देश में न तो पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी होती और न ही एलपीजी की कोई कमी। देश की अर्थव्यवस्था को तहस नहस करने के लिये मोदी सरकार की नीतियां पूरी तरह जिम्मेदार है। विनय कुमार ने केंद्र की मोदी सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को संसद में न बोलने का आरोप लगाते हुए कहा संविधान व लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है। कांग्रेस शासित हिमाचल प्रदेश के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए विनय कुमार ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार होने की वजह से प्रदेश के हितों व अधिकारों का हनन किया जा रहा है। राजस्व घाटा अनुदान बंद करना प्रदेश के साथ बहुत बड़ा अन्याय है। इस अन्याय को सहन नहीं किया जा सकता। विनय कुमार ने प्रदेश से चुन कर गए सभी भाजपा सांसदों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा है कि प्रदेशहित में उनकी जुबान भी पूरी तरह बंद है। उनकी आंखों पर राजनीति का चश्मा चढ़ा है। उन्हें प्रदेश की नहीं,अपनी राजनीति की ज्यादा चिंता है। प्रदेश भाजपा के सभी नेता अपने वर्चस्व की लड़ाई लड़ रहे हैं। विनय कुमार ने कहा है कि प्रदेश के लोग भाजपा को कभी माफ नहीं करेंगे। प्रदेश के लोग कल भी कांग्रेस के साथ थे और आगे भी रहेंगे। लोग भाजपा के झूठ को देख व जान चुके हैं और अब वह उनके किसी भी झांसे में आने वाले नहीं।