शिमला के छात्र – छात्राओं ने देखी सदन की कार्यवाही, विधान सभा अध्यक्ष ने बताया कैसे चलती है सदन की कार्यवाही

शिमला:     विधान सभा में आज आरम्भ हुए बजट सत्र के दूसरे चरण की कार्यवाही देखने आए चैप्सली स्कूल लक्कड़ बाजार शिमला तथा सम्भोट तिब्तियन उच्च पाठशाला शिमला के छात्र – छात्राओं ने सदन की कार्यवाही को देखने से पहले हि0प्र0 विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां से कौंसिल चैम्बर के बाहर मुलाकात की । इस अवसर पर छात्रों ने विधान सभा अध्यक्ष से आज होने वाली कार्यवाही तथा विधान सभा की भूमिका, गठन तथा स्पीकर पद के महत्व पर प्रकाश डालने का आग्रह किया जिसका विधान सभा अध्यक्ष ने सिलसिलेबार उत्तर देते हुए कहा कि विधान सभा एक राज्य का कानून बनाने वाला सदन है। जैसे हमारे स्कूल में अलग-अलग कक्षाएं होती हैं, वैसे ही राज्य में अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्र होते हैं, और हर निर्वाचन क्षेत्र से एक नेता चुना जाता है, जिसे विधायक कहते हैं।  ये विधायक मिलकर विधान सभा बनाते हैं। विधान सभा का मुख्य काम राज्य के  लोगों के लिए कानून बनाना है। जैसे स्कूल में नियम होते हैं, वैसे ही राज्य को चलाने के लिए कानून जरूरी होते हैं।

                    पठानिया ने कहा कि जिस राजनीतिक दल से सबसे ज्यादा विधायक चुनाव जीतते हैं वह दल मिलकर सरकार बनाता है। सरकार का मुखिया मुख्यमंत्री कहलाता है। विधान सभा में विधायक सरकार के लोगों की समस्याओं के बारे में सवाल पूछते हैं और सरकार को उसका जवाब देना होता है। सरकार हर साल बताती है कि वह लोगों के लिए क्या-क्या काम करेगी और उसके लिए कितना पैसा खर्च होगा जिसे बजट कहते हैं और विधान सभा इसे पास करती है।

                     उन्होंने कहा कि विधान सभा में एक स्पीकर होता है जो सदन की कार्यवाही को नियंत्रित करता है जैसे स्कूल में प्रिंसिपल असैम्बली  को चलाते हैं। इसके अतिरिक्त जो दल सरकार नहीं बना पाते वह विपक्ष की भूमिका निभाते हैं। विपक्ष का काम सरकार के कामों पर नजर रखना और लोगों की आवाज उठाना होता है। विधान सभा में किसी भी मुद्दे पर खूब वहस होती है जिसमें विधायक अपनी- अपनी राय रखते हैं। जब कोई कानून बनाना होता है तो विधायक उस पर वोट करते हैं। जिस तरफ ज्यादा वोट होते हैं वह कानून बन जाता है।

                        पठानिया ने कहा कि विधान सभा लोकतंत्र का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह लोगों को अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से सरकार में भाग लेने का मौका देता है। विधान सभा अध्यक्ष ने सभी छात्र – छात्राओं को सदन के अन्दर होने वाली कार्यवाही को देखने के लिए आमंत्रित भी किया और सभी बच्चों को अपनी ओर से शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उप-मुख्य सचेतक हि0प्र0 सरकार केवल सिंह पठानिया, विधायक विवेक शर्मा तथा मलेन्द्र राजन भी मौजूद थे।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed