शिमला: भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संजय सूद ने जनता की समस्याओं को लेकर चलाया हस्ताक्षर अभियान
शिमला: भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संजय सूद ने जनता की समस्याओं को लेकर चलाया हस्ताक्षर अभियान
शिमला : शिमला शहरी विधानसभा चुनाव 2022 के प्रत्याशी और वर्तमान में भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संजय सूद ने सरकार की नीतियों व शिमला शहरी विधानसभा की जनता की समस्याओं को लेकर सीटीओ पर हस्ताक्षर अभियान शुरू किया। इसके बाद उपायुक्त के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजा।
संजय सूद ने कहा कि आज भाजपा शिमला शहरी विधानसभा क्षेत्र द्वारा कांग्रेस सरकार की शिमला विरोधी नीतियों के खिलाफ व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। शहर के विकास को रोकने और जनता पर अनावश्यक बोझ डालने वाली नीतियों के विरोध में आज अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) के माध्यम से मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी सौंपा गया। शिमला की जनता का हक छीनने वाली सरकार को हम चैन से बैठने नहीं देंगे। भाजपा का हर कार्यकर्ता शिमला के विकास और जन-कल्याण के लिए सदैव तत्पर है।
संजय सूद ने कहा कि शिमला शहर की स्थिति दिन-प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है। उन्होंने बताया कि आईजीएमसी से कार्डियोलॉजी सहित अन्य विभागों को चमियाना शिफ्ट किया गया है, जिससे पूरे प्रदेश से शिमला आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि शिमला में 24 घंटे पानी की आपूर्ति योजना के लिए वर्ल्ड बैंक द्वारा 587 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी, लेकिन प्रदेश सरकार ने अब तक केवल 250 करोड़ रुपये ही जारी किए हैं, जबकि शेष राशि रोकी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस योजना के लिए SJPNL को लगभग 100 करोड़ रुपये का ऋण लेना पड़ रहा है, जिसका बोझ अंततः शिमला की जनता पर पड़ेगा।
इस अवसर पर मंडलों के अध्यक्ष, समस्त पदाधिकारी और वरिष्ठ कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।