रिकांगपिओ:राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज किन्नौर जिला के निचार उपमंडल की ग्राम पंचायत सुंगरा में 16 लाख 50 हजार रुपए की राशि से बनाए गए स्वागत द्वार भावानगर का उदघाटन किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याओं भी सुना और प्राप्त सभी उचित मांगों के निपटान के लिए सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
राजस्व मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए प्रयत्नशील है और उपेक्षित वर्गों के उत्थान, कल्याण व सतत् विकास के लिए निरंतरता के साथ कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान राज्य सरकार द्वारा यूनिवर्सल कार्टन, पुरानी पेंशन की बहाली, उपेक्षित महिलाओं के खाते में 1500 रुपए की राशि, जमीन का मालिकाना हक प्रदान करना, अंग्रेजी भाषा सहित गुणवत्तायुक्त शिक्षा देने जैसे कई कल्याणकारी निर्णय लिए गए हैं जो प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार जनजाति एवं दुर्गम क्षेत्रों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा समाज के सभी वर्गों को लाभान्वित कर रही है। जनजातीय विकास मंत्री श्री जगत सिंह नेगी ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू किसानों एवं बागवानों के हितैषी हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ करने के लिए समावेशी योजनाओं का कार्यान्वयन कर रहे हैं ताकि ग्रामीण लोगों की प्रति व्यक्ति आय में इजाफा हो सके।
ग्राम पंचायत सुंगरा के प्रधान राकेश कुमार नेगी ने राजस्व मंत्री का पंचायत पधारने पर पारंपरिक ढंग से स्वागत किया और क्षेत्र की समस्याओं से मंत्री महोदय को अवगत करवाया।











