प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों के लिए 123 करोड़ देने के लिए नड्डा का धन्यवाद : बिंदल 

शिमला : डाॅ. राजीव बिन्दल, प्रदेश अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा एवं केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, उर्वरक एवं रसायन मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का हिमाचल प्रवास के दौरान हिमाचल को दी गई अनेक सौगातों के लिए आभार व्यक्त किया है। डाॅ. बिन्दल ने मोदी सरकार का इस बात के लिए भी धन्यवाद किया कि उन्होनें दीपावली से पहले प्रदेश की सरकार को 843 करोड़ रू. उपलब्ध करवाए और गत माह प्रधानमंत्री हिमाचल आये थे और आपदा राहत हेतु 1500 करोड़ रू. देकर हिमाचलवासियों को राहत प्रदान की थी। उन्होंने जगत प्रकाश नड्डा का धन्यवाद करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश के चिकित्सा क्षेत्र को जो देन उन्होंने दी है वह प्रदेश की जनता के लिए बहुत बड़ी राहत है। ऑल इंडिया इंस्टीच्यूट ऑफ मैडिकल र्साइंसिज जैसे चिकित्सा संस्थान का हिमाचल में स्थापित हो जाना और छोटी सी समयावधि में सुपर स्पेशियल्टी चिकित्सा सुविधाएं सुसज्जित करके जनता को सुविधा मुहैया करवा देना, यह असंभव को संभव कर देने के बराबर है। लगभग 2500 करोड़ रू. व्यय करके नित्य प्रति इस संस्थान की चिंता करते हुए आज उसे राष्ट्रीय मानकों के उपर खड़ा कर दिया है। आये दिन नई-नई सुपर स्पेशेलाईजेशन शुरू की जा रही है।

 डाॅ. बिन्दल ने प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों एवं मातृ एवं शिशु अस्पतालों के लिए 123 करोड़ रू. देने के लिए जगत प्रकाश नड्डा का धन्यवाद किया। उन्होंने प्रदेश सरकार की कार्यशैली के उपर प्रश्न चिन्ह लगाते हुए कहा कि आयुष्मान भारत जो गरीबों के लिए बेहतरीन योजना है उसका लाभ हिमाचल के मरीजों को सही तरीके से नहीं मिल रहा है।

 डाॅ. बिन्दल ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा पूर्व में भी मातृ एवं शिशु अस्पतालों के लिए कैंसर के अस्पतालों के लिए व मैडिकल काॅलेज व अस्पतालों के निर्माण के लिए भारी भरकम राशियां प्रदेश की सरकार को दी है परन्तु उसका सही उपयोग जनहित में प्रदेश की सरकार नहीं कर रही है। नाहन मैडिकल काॅलेज के निर्माण हेतु 261 करोड़ रू., मातृ-शिशु अस्पताल के निर्माण हेतु 21 करोड़ रू. और नर्सिंग काॅलेज के निर्माण हेतु 75 करोड़ रू. की स्वीकृतियां पूर्व में दी गई है परन्तु सभी काम बंद कर दिए गए हैं। यह प्रदेश के गरीब मरीजों के साथ अन्याय है और भारतीय जनता पार्टी इसकी कड़े शब्दों में निंदा करती है। प्रदेश की सरकार ने हिमकेयर योजना को बंद करके गरीब व्यक्तियों पर जो कुठाराघात किया है, वह निंदनीय है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed