श्रीखंड महादेव के दर्शन कर लौट रहे चंडीगढ़ के श्रद्धालु की मौत…

कुल्लू/ निरमंड : श्रीखंड महादेव यात्रा पर निकले चंडीगढ़ के एक श्रद्धालु की रास्ते में मौत हो गई। 33 वर्षीय युवक अपने चचेरे भाई के साथ यात्रा पर निकला था। श्रीखंड महादेव के दर्शन करने के बाद वापसी में तबीयत बिगड़ी और रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए निरमंड अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। कठिनतम यात्राओं में शुमार श्रीखंड महादेव यात्रा में इस साल पहली मौत हुई है। डीएसपी आनी चंद्रशेखर कायथ के मुताबिक मृतक की पहचान अभय (33) पुत्र कमल किशोर निवासी सेक्टर 15-डी चंडीगढ़ के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार अभय अपने चचेरे भाई के साथ श्रीखंड महादेव के दर्शन कर वापस आ रहा था। पार्वती बाग के समीप अभय की तबीयत बिगड़ गई। यहां से रेस्क्यू टीम ने उसे भीमडवारी तक लाई। प्राथमिक चिकित्सा के बाद अभय की तबीयत में सुधार हो गया था। इसके बाद अभय को भीमडवारी से बेस कैंप सिंहगाड होते हुए जाओं और फिर निरमंड के सिविल अस्पताल लाया जा रहा था, लेकिन अभय ने रास्ते में दम तोड़ दिया। परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed