जल्द घोषित होंगी जिला व ब्लॉक कांग्रेस कमेटियां – प्रतिभा सिंह
जल्द घोषित होंगी जिला व ब्लॉक कांग्रेस कमेटियां – प्रतिभा सिंह
शिमला/ मंडी : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुटता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा है कि उन्हें किसी भी प्रकार से हताश होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि मंडी जिला में पार्टी को हार का मुंह देखना पड़ा जो बहुत ही दुखदाई है, पर उन्हें इससे सबक लेते हुए अब आगे बढ़ना है। उन्होंने कहा कि जल्द ही अब ग्राम पंचायतों व नगर निकायों के चुनाव होने हैं। इसके लिए अभी से सभी को तैयार होना होगा। उन्होंने कहा कि वह चाहती है कि इन चुनावों में ऐसे कर्मठ नेताओं व कार्यकर्ताओं को आगे लाया जाए जिन्हें पार्टी में अभी तक कोई भी मौका या पद नहीं मिला है। इसके लिए तेरा मेरा न होकर जीत की क्षमता रखने वालों को आगे लाना होगा। प्रतिभा सिंह ने कहा है कि जल्द ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी सहित जिला व ब्लॉक कांग्रेस कमेटियां घोषित होगी। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी में कर्मठ व जो पार्टी को समय दे पाए उन्हें पूरी तवज्जो दी जाएगी। आज मंडी में मंडी सदर,बल्ह,सराज द्रंग व जोगिंदर नगर ब्लॉक के कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मलेन की अध्यक्षता करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि अगर संगठन मजबूत होगा तो प्रदेश की कांग्रेस सरकार भी मजबूत होगी।उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार बेहतर कार्य कर रही है और उन्हें यह कार्य व सरकार की उपलब्धियां जनता के बीच ले जानी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित के कार्यो को पूरी प्रमुखता दी रही है। उन्होंने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने विकास के नाम पर केवल राजनीति की जबकि वर्तमान सरकार ने प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा के दौरान लोगों की हरसंभव मदद की। प्रदेश के विकास में कोई बाधा नही आने दी। उन्होंने कहा कि आपदा की बजह से प्रदेश को जो नुकसान हुआ उसकी भरपाई करने की बजह से सरकार अपने कुछ कार्यो को समय पर शुरू नही कर पाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार अपने सभी वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार प्रदेश की कोई भी आर्थिक मदद नही कर रही है। उन्होंने कहा कि आपदा के समय जिस प्रकार से पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने आपदा प्रभावित लोगों की मदद की वह बहुत ही सराहीनय है। उन्होंने कहा कि संगठन में वरिष्ठ नेताओं सहित पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ताओ,युवाओ महिलाओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारिया दी जाएगी। प्रतिभा सिंह ने बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं के विचारों का समर्थन करते हुए उन्हें विश्वास दिलाया कि जो अपेक्षाए उन्हें उन से है उन पर वह खरा उतरने का पूरा प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व वीरभद्र सिंह विकास कार्य आज भी लोग याद करते है। उन्होंने कहा कि लोगों का जो प्यार व विश्वास उनके प्रति है इसे वह कभी नही भूल सकते। उन्होंने कहा कि आज की यब बैठक शुरुआत है और वह जल्द ही वह प्रदेश के सभी जिलों के सभी ब्लॉकों में पार्टी के कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगी। इससे पुर्व प्रदेश के पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी,पूर्व विधायक सुरेंद्र पाल,कांग्रेस नेता चंपा ठाकुर,चेतराम ठाकुर व कई अन्य नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भी बैठक को सम्बोधित किया। वक्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का स्मरण करते हुए कहा कि प्रदेश में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिये हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश मे कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी के सभी अग्रणी संगठन बहुत ही मजबूत है और सरकार के साथ पूरे तालमेल के साथ कांग्रेस आगे बढ़ रही है।