महाकुंभ से लौट रहे हिमाचल के श्रद्धालुओं का वाहन दुर्घटनाग्रस्त, दो की मौत, 11 घायल
महाकुंभ से लौट रहे हिमाचल के श्रद्धालुओं का वाहन दुर्घटनाग्रस्त, दो की मौत, 11 घायल
हिमाचल: प्रदेश के कांगड़ा जिले के चढ़ियार से महाकुंभ स्नान के लिए गए श्रद्धालुओं की वापसी के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर राठ कोतवाली क्षेत्र के चिल्ली गांव के पास यह हादसा हुआ। टेंपो ट्रैवलर, जिसमें श्रद्धालु सवार थे, सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और करीब 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान 60 वर्षीय निर्मला उर्फ गुड्डी और 50 वर्षीय सुरेंद्र राणा के रूप में हुई है।
इसके अलावा 62 वर्षीय सुदर्शन, 45 वर्षीय विपुल शर्मा, 50 वर्षीय जीवना देवी, 60 वर्षीय सुदेश कुमारी पत्नी राजेंद्र शर्मा, 65 वर्षीय सुनील कुमारी पत्नी वख्तावल, 56 वर्षीय कुसुम लता पत्नी अनिल, 60 वर्षीय चंदी पत्नी स्व. स्वरूप राणा, 50 वर्षीय अंजूबाला पत्नी सुरेंद्र राणा, 43 वर्षीय अंजना कुमारी पत्नी अनिल शर्मा, 55 वर्षीय रक्षा देवी पत्नी अर्जुन राणा, 68 वर्षीय शीलारानी पत्नी अशोक कुमार और 65 वर्षीय तंबो देवी पत्नी शांतिस्वरूप शर्मा घायल हो गई हैं।
मुख्यमंत्री ने महाकुम्भ से लौट रहे श्रद्धालुओं की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज यहां प्रयागराज के महाकुम्भ से लौट रहे हिमाचल प्रदेश के वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने पर जिला कांगड़ा की तहसील बैजनाथ के गांव छोटी डॉली के दो लोगों की दुखद मृत्यु पर शोक व्यक्त किया। इस दुर्घटना में 11 अन्य श्रद्धालु घायल हुए हैं।
यह दुर्घटना आज प्रातः बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर ग्राम चिल्ली थाना क्षेत्र राठ जनपद हमीरपुर में हुई जिसमें ट्रैवलर एचपी 01डी-8278 सड़क पर खड़े एक ट्रक से टकराया। ट्रैवलर में चालक सहित 13 श्रद्धालु सवार थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल सरकार उत्तर प्रदेश सरकार के साथ निरंतर सम्पर्क में है और घायल श्रद्धालु निकटतम अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शान्ति व शोक संतप्त परिवारों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने व घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की।