हिमाचल : पूर्व PM मनमोहन सिंह के निधन पर प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने जताया शोक

शिमला : देश के पूर्व प्रधानमंत्री कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉक्टर मनमोहन सिंह के निधन पर प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने गहरा दुख प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना परमेश्वर से की है।

प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने शोक सभा में कहा कि डॉक्टर मनमोहन सिंह के निधन से देश ही नही पूरे विश्व को नुकसान हुआ है। आर्थिक सुधारों के प्रखर  उन्होंने देश को ही नही पूरी दुनिया को आर्थिक सुधारों की राह दिखाई थी। 

पठानिया ने कहा कि आज अधिकतर जितनी भी जनहित की केंद्रीय योजनाएं चल रही है उन्होंने ही उनकी नींव रखी थी। उन्होंने देश को एम्स, आईआईटी, मेडिकल कॉलेज के अतिरिक्त मनरेगा,आर टी आई,भोजन का अधिकार, शिक्षा का अधिकार देश के नागरिकों को दिए। उन्होंने कहा कि यह देश कभी भी उन्हें भुला नहीं पायेगा। प्रधानमंत्री के तौर पर या वित्त मंत्री के तौर पर जो उल्लेखनीय कार्य उन्होंने देश को किये यह देश सदैव उन्हें याद रखेगा।

उप-मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया

उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, वरिष्ठ कांग्रेस नेता व महान अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। वह कई दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे जिसके चलते उन्हें गुरूवार को दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती किया गया था जहां उनका 92 वर्ष की आयु में स्वर्गवास हुआ।
उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह भारत में आर्थिक सुधारों के सूत्रधार थे। वह वर्ष 1991 से 1996 तक केन्द्र सरकार में वित्त मंत्री रहे तथा उनके द्वारा देश की आर्थिक नीति को नई दिशा प्रदान की गई।
डॉ. मनमोहन सिंह वर्ष 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे, जिस दौरान उनके द्वारा देश व जनहित में उठाए गए कदमों के फलस्वरूप भारत ने विकास के नए आयाम स्थापित किए और विश्व की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने अपने राजनीतिक जीवन में सदैव उच्च आदर्शों का पालन किया, जिस कारण उनकी गिनती देश के प्रतिष्ठित नेताओं में होती है।
उप-मुख्यमंत्री ने परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शांति और पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की।

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार, उद्योग मंत्री हर्षवर्द्धन चौहान, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, नगर नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी, आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा और उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री के राजनैतिक सलाहकार सुनील शर्मा, प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान, प्रधान सलाहकार सूचना प्रौद्योगिकी एवं नवाचार गोकुल बुटेल ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर प्रदेश के विभिन्न आयोग, निगमों एवं बोर्ड के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, विभिन्न पदाधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों ने शोक व्यक्त किया है।
उन्होंने परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शांति और पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि मनमोहन सिंह के निधन से देश ने एक महान अर्थशास्त्री खो दिया। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह को उनके उल्लेखनीय कार्यो  के लिये हमेशा याद रखा जाएगा। 

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पार्टी नेताओं ने एक शोक सभा आयोजित कर डॉक्टर मनमोहन सिंह को अपने अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

सभा में विधायक केवल पठानिया,शिमला नगर निगम के मेयर सुरेंद्र चौहान, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने भी अपने शोक उदगार व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना भगवान से की।

शोक सभा मे मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान,लघु बचत बोर्ड के उपाध्यक्ष  प्रकाश करड, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा सहित युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल,एनएसयूआई के पदाधिकारी व पार्टी के पूर्व पदाधिकारी, शिमला नगर निगम के पार्षद व कार्यकर्ताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति को अपने अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

इस दौरान दो मिनट का मौन भी रखा गया।

प्रदेश सेवादल के मुख्य संगठक अनुराग शर्मा ने भी पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

—————-

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिशानिर्देश पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने देश मे राजकीय शोक के चलते अपने पूर्व निर्धारित सभी कार्यक्रम 3 जनवरी तक रद्द कर दिए है।

शिक्षा मंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर शोक व्यक्त किया

शिक्षा मन्त्री रोहित ठाकुर ने पूर्व प्रधानमन्त्री डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि डॉ मनमोहन सिंह एक उच्च स्तरीय बुद्धि जीवी एवं सौम्य स्वभाव के व्यक्ति थे। डॉ मनमोहन उच्च कोटि के अर्थशास्त्री, शिक्षक और एक प्रभावी राजनेता भी थे। 

उन्होंने कहा कि भारत जो आज एक आर्थिक महाशक्ति के रूप में उभर कर सामने आया है उसकी नींव डॉ मनमोहन सिंह के द्वारा रखी गई थी, जब वह 1990 के दशक में देश के वित्त मन्त्री थे। अपने प्रधानमन्त्री रहते हुए भी दोनों कार्यकाल में उन्होंने भारतीय अर्थ व्यवस्था में अभूतपूर्व परिवर्तन किए।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि डॉ मनमोहन की दूरदर्शिता का ही परिणाम है कि वर्तमान समय में भी “महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना” जैसे महत्वाकांक्षी कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार का एक बड़ा और मुख्य साधन है। देश भर के विद्यालयों में “मिड डे मील ” जैसी योजना को भी उनके ही कार्यकाल में लागू किया गया। 

उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त रक्षा और आर्थिक मोर्चो पर उन्होंने देश की छवि को चमकाया । डॉ मनमोहन सिंह की विद्वता और सहजता का सम्मान पूरे विश्व के नेता करते थे । भारत अमरीका संबंधों को सुदृढ़ करने में भी उनका अविस्मरणीय योगदान रहा है। 

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि डॉ मनमोहन सिंह कांग्रेस पार्टी के एक मजबूत स्तम्भ थे और उनके जाने से जो क्षति पार्टी को पहुंची है उसकी भरपाई करना मुश्किल है। यह राष्ट्र उन्हें उनकी सौम्यता, विद्वता, दूरदर्शिता और सरलता के लिए सदैव याद करेगा।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed