कुल्लू:  निजी बस खाई में गिरी, तीन की मौत; कई यात्री घायल

कुल्लू: कुल्लू जिले के आनी क्षेत्र में यात्रियों से भरी एक निजी बस के गहरी खाई में गिरने से चालक सहित तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 39 यात्री घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल 25 से अधिक यात्रियों को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। बाकि घायल आनी अस्पताल में भर्ती हैं। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह एक निजी बस(एनपीटी) करसोग के आनी जा रही थी। इसी दौरान सुबह करीब 11:00 बजे श्वाड-निगान सड़क पर बस शकेलड़ के समीप नीचे खड्ड किनारे गिर गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई । हादसा इतना भयानक था कि बस के परखच्चे उड़ गए। हादसे के दाैरान बस में चालक सहित 42 लोग सवार थे।

वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके के लिए रवाना हुई। हादसे के बाद सबसे पहले स्थानीय लोग घटना स्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। साथ ही पुलिस को भी सूचित किया। इसके बाद पुलिस के साथ प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची।  घायलों ने बताया कि बस का पट्टा टूटने से हादसा हुआ। पट्टा टूटने के बाद बस अनियंत्रित होकर 100 मीटर नीचे खड्ड में जा गिरी। डीसी कुल्लू तोरुल एस रवीश ने कहा कि बस चालक की दुर्घटना स्थल पर ही मौत हो गई। यात्रियों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

 मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री ने बस दुर्घटना में तीन लोगों के निधन पर शोक व्यक्त

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने जिला कुल्लू के आनी उपमंडल के शवाड़ में हुई बस दुर्घटना में तीन लोगों के निधन पर शोक व्यक्त किया है। दुर्घटनाग्रस्त बस करसोग से आनी जा रही थी, जिसमें 40 यात्री सवार थे। इस दुर्घटना में घायल 11 लोग आईजीएमसी शिमला और रामपुर अस्पताल में उपचाराधीन हैं और अन्य घायलों का ईलाज निकटवर्ती स्वास्थ्य संस्थानों में किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की और जिला प्रशासन को उन्हें बेहतर उपचार सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रभावितों को हर संभव मदद प्रदान की जाएगी।
उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed