बेवजह राजनीति द्वेष भाव के चलते आये दिन प्रदेश कांग्रेस सरकार की आलोचना कर रही – प्रतिभा सिंह
बेवजह राजनीति द्वेष भाव के चलते आये दिन प्रदेश कांग्रेस सरकार की आलोचना कर रही – प्रतिभा सिंह
शिमला: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने केंद्र सरकार से प्रदेश के विकास में सहयोग का आग्रह करते हुए कहा है कि केंद्र को प्रदेश सरकार की मांगों को जल्द पूरा करना चाहिए। उन्होंने नीति आयोग से मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के पहाड़ी राज्यों को वित्तीय मदद प्रदान करने के अलग मापदंड निर्धारित करने की मांग को पूरी तरह जायज बताते हुए कहा है कि हिमाचल प्रदेश की भूगौलिक परिस्थितियां ऐसी है जहां किसी भी निर्माण कार्यो में अनुमान से ज्यादा लागत आती है। दूसरी ओर प्रदेश को पिछले साल की प्राकृतिक आपदाओं से प्रदेश की सड़कों,पुलों,भवनों को भारी नुकसान व करोड़ो रूपये की सरकारी व निजी संपत्ति का जो नुकसान सहना पड़ा है,प्रदेश सरकार ने अपने सीमित संसाधनों से इसकी भरपाई की है। इसके अतिरिक्त जिन लोगों की इस आपदा में मौत हुई उनके परिजनों और जिनके रिहायशी भवन व गोशालाएं ध्वस्त हुई उन्हें भरपूर आर्थिक मदद दी गई है । केंद्र सरकार को इसकी एवज में भी प्रदेश की विशेष आर्थिक मदद करनी चाहिए। प्रतिभा सिंह ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह वेबजह राजनैतिक द्वेषभाव के चलते आये दिन प्रदेश कांग्रेस सरकार की आलोचना कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने शासनकाल में प्रदेश की अर्थव्यवस्था चौपट करने में कोई कोर कसर बाकी नहीं रखी। प्रदेश पर 75 हजार से अधिक का कर्ज और 15 हजार करोड़ से अधिक की देनदारियां कांग्रेस सरकार को भाजपा से विरासत में मिली है। प्रतिभा सिंह ने कहा है कि कांग्रेस सरकार प्रदेश की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के पूरे प्रयास कर रही है। उन्होंने भाजपा नेताओं से फिजूल की बयानबाजी न करने और प्रदेश सरकार को अपना सहयोग देने का आग्रह करते हुए कहा है कि प्रदेश भाजपा को केंद्रीय नेताओं से प्रदेश की मांगों को पूरा करने का आग्रह करना चाहिए।