किन्नौर: पिकअप खाई में गिरी, 3 महिलाओं की मौत; 4 गंभीर
किन्नौर: पिकअप खाई में गिरी, 3 महिलाओं की मौत; 4 गंभीर
मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटना में तीन लोगों के निधन पर किया शोक व्यक्त
हिमाचल: जिला किन्नौर के पूह खंड के गांधी मोहल्ला स्टेडियम सड़क पर गुरुवार सुबह करीब आठ बजे एक सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई। हादसे में चालक व तीन अन्य महिलाएं घायल हैं। जानकारी अनुसार पिकअप सवार ये महिलाएं मनरेगा की मजदूरी के लिए जा रही थीं। जहां गांधी मोहल्ला संपर्क मार्ग पर अनियंत्रित होकर पिकअप करीब 70 फीट गहरी खाई में जा गिरी। जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस प्रशासन को भी इसकी जानकारी दी। स्थानीय लोगों के मुताबिक पिकअप में ड्राइवर के अलावा 6 महिलाएं सवार थीं जिनमें से एक महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि दो महिलाओं ने स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में मौत हो गई। चालक व तीन अन्य महिलाएं घायल हैं। घायलों को सीएचसी पूह में प्राथमिक उपचार के बाद क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ रेफर किया गया। यहां से घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने आईजीएमसी शिमला रेफर किया। घायलों को रिकांगपिओ अस्पताल से एंबुलेंस के जरिये कड़छम पहुंचाया गया और यहां से हेलिकॉप्टर से शिमला भेजा गया।
हादसे में सरिता नेगी( 38), छवांग जागमो(40), इंद्रमणी(35) की मौत हो गई। चालक दीपक(40), शांति देवी(35), सुरेंद्रा नेगी(32) और सनम छोकिद(40) घायल हुए हैं। सभी मृतक व घायल महिलाएं पूह की हैं और चालक नेपाली मूल का है। थाना प्रभारी पूह शिव कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची और शव सहित घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं एडीएम पूह विनय मोदी ने घटनास्थल का दौरा किया। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार और घायलों कोपांच-पांच हजार रुपये की फौरी राशि प्रदान की। हादसे की पुष्टि एसपी किन्नौर अभिषेक एस ने की है।
मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटना में तीन लोगों के निधन पर किया शोक व्यक्त
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज प्रातः किन्नौर जिला के पूह के गांधी मुहल्ला सम्पर्क मार्ग में सड़क दुर्घटना में तीन लोगों के निधन पर शोक व्यक्त किया। इस हादसे में घायल अन्य चार लोगों को एयरलिफ्ट कर उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला लाया गया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को तत्काल सहायता राशि उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिवारों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।