Kolkata Doctor Case: हिमाचल: प्रदेश सरकार से मिले आश्वासन के बाद कल से चिकित्सक लौटेंगे कार्य पर
Kolkata Doctor Case: हिमाचल: प्रदेश सरकार से मिले आश्वासन के बाद कल से चिकित्सक लौटेंगे कार्य पर
शिमला: हिमाचल प्रदेश में तीन दिन से जारी रेजिडेंट डॉक्टरों ने सरकार के आश्वासन के बाद अपनी हड़ताल खत्म कर दी है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आरडीए, स्टेट एसोसिएशन ऑफ मेडिकल एंड डेंटल कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन (सेमडिकोट) के साथ बैठक की। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल, स्वास्थ्य सचिव एम सुधा देवी, सीपीएस संजय अवस्थी शामिल रहे। सचिवालय में डेढ़ घंटे तक चली बैठक में एसोसिएशन ने डॉक्टरों के साथ इस तरह की घटनाओं को रोकने व सुरक्षा व्यवस्था मुद्दे, ड्यूटी रूम, सीसीटीवी कैमरे और मेडिपर्सन एक्ट को लागू करने की मांग उठाई। बताया जा रहा है कि बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मेडिपर्सन एक्ट को स्टडी करने की बात कही। इसके अलावा प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था और अन्य सुविधाएं जल्द उपलब्ध करवाने को कहा। वहीं बैठक में पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था बनाने के बारे में अहम निर्देश जारी किए।
कोलकाता में महिला डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद जघन्य हत्या के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के आह्वान पर हिमाचल प्रदेश में भी डॉक्टर ओपीडी में नहीं बैठ रहे थे। केवल आपातकालीन सेवाएं चल रही हैं। यह डॉक्टर प्रदेश के सभी अस्पतालों में अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग कर रहे थे। बुधवार से अस्पतालों में ओपीडी समेत सभी स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू हो जाएंगी।