हिमाचल: चंबा में टाटा सूमो खाई में गिरी, चार लोगों की मौत; कई घायल

हिमाचल: चंबा जिले में राख-बिंदला-धनाड़ा मार्ग पर गुरुवार सुबह करीब 8 बजे टाटा सूमो गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होने से चार लोगों की मौत हो गई नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तीन घायलों को चंबा से टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक वाहन चमेरा की ओर जा रहा था। सामरा के पास चालक ने नियंत्रण खो दिया और अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।  आवाज सुन आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे। चंबा थाना से भी पुलिस टीम पहुंची और घटनास्थल से सबसे पहले घायलों को चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक घायल महिला ने मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। टांडा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर एक मरीज ने चंबा से 35 किमी दूर बाथरी पहुंचने पर दम तोड़ दिया। सीएचसी बाथरी में तैनात चिकित्सक ने मरीज को मृत करार दिया।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed