कांग्रेस की सरकार झूठे वादों पर राजनीति करती है – नड्डा

कांगड़ा: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज शनिवार को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित जोरावर सिंह स्टेडियम में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान हिमाचल प्रदेश भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह और केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मंच पर उपस्थित रहे। इससे पहले नड्डा ने धर्मशाला में एक भव्य रोड शो किया। ज्ञात हो कि नड्डा दो दिवसीय प्रवास पर आज हिमाचल पहुंचे हैं।

नड्डा ने कहा कि आज बदली हुई परिस्थिति में देश विकास और तरक्की के नये रास्तों पर नित नए आयाम छू रहा है। कांग्रेस कार्यकाल में भारत की छवि एक भ्रष्टाचारी, पिछड़े, अपने पांव पर खड़ा न हो सकने वाले और अपने स्वाभिमान के साथ समझौता कर लेने वाले देश की थी। परंतु 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सरकार की कमान संभाली और देश की छवि बदलने के लिए प्रथम सेवक के रूप में अथक परिश्रम किया जिसका परिणाम है कि आज भारत एक गौरवशाली देश के रूप में पहचाना जाता है। देश ने विकास की ओर बड़ी छलांग लगाकर तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रहा है। आज पूरा विश्व भारत और भारत के प्रधानमंत्री को संजीदगी के साथ सुनता है और यही बदलते भारत की तस्वीर है।

जगत प्रकाश नड्डा ने अंतरिम बजट का उल्लेख करते हुए कहा कि ये बजट देश के विकास के प्रति समर्पित बजट है। आत्मनिर्भर भारत के तहत अब देश में सभी प्रकार के तेल उत्पादन किए जाएंगे। कांग्रेस जातिवाद और वोटबैंक की राजनीति करती थी, मगर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को शासन में आने के बाद से भारत में राजनीतिक संस्कृति में बदलाव देखने को मिला है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भाजपा की सरकार में अब रिपोर्ट कार्ड की राजनीति चलती है। जो कहा था वो किया है, जो नहीं कहा था वो भी करके दिया है।

 नड्डा ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कारण विकास और आत्मनिर्भरता की राजनीति शुरू हुई है। कांग्रेस शासन में पहले के समय में देश घोटाले के लिए जाना जाता था लेकिन भाजपा के शासन में देश तेजगति की सफलता के नाम से जाना जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश घोटालों से निकल कर सफलता के मार्ग पर अग्रसर हो गया है। खेल से लेकर अंतरिक्ष तक भाजपा ने सफलता का इरादा पूरा किया है और ये बदलता हुआ भारत है।

 भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि किसी ने ये सोचा नहीं था कि रामलला अपने स्थान पर ही विराजमान होंगे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कर-कमलों से भव्य मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होते देखने का सौभाग्य हम सबको मिलेगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के विकास में भी भाजपा ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। सिरमौर में 400 करोड़ की लागत से इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मैनिज्मन्ट की इमारत तैयार हो चुकी है जिसमें जल्दी ही पाठ्यक्रम की भी शुरुआत होने जा रही है। जोधपुर के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) से स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया जी ने आज बिलासपुर की एम्स में कैथ लैब प्रारंभ कर दी है। विकास के नए आयाम जैसे एम्स, आईआईटी और मेडिकल डिवाइस पार्क के कार्य आज जनता के सामने सफलतापूर्वक खड़े हैं। जयराम के नेतृत्व में जो पांच सालों तक सरकार चली उसमे ग्रामीण सड़कें 7,000 किमी बनी, विकास के लिए भाजपा की सरकार ने कोई कसर नहीं छोड़ी है।

 नड्डा ने कहा कि कई विपक्षी नेता कहते हैं कि बाढ़ आई पर जनता को कोई मदद नहीं मिली, परंतु त्रासदी होने पर कांग्रेस का कोई भी नेता राज्य में नहीं आया लेकिन वोट मांगने के लिए पहुंच ही जाते हैं लेकिन इसके विपरीत जहाँ-जहाँ त्रासदी हुई, वहां भाजपा नेता सहायता के लिए पहुंचे। प्रधानमंत्री के फैसले और गृह मंत्रालय की सहायता से 22 जुलाई को 180 करोड़ रुपए राज्य की जनता की राहत के लिए प्रदान किये गए थे। उसके बाद 1 अगस्त को राज्य की सड़कों के रख रखाव के लिए केंद्र सरकार द्वारा 400 करोड़ प्रदान किये गए, फिर 7 अगस्त और 20 अगस्त की तिथियों पर राज्य को 189 करोड़ और 200 करोड़ प्रदान किये गए। 12 दिसम्बर को 633 करोड़ प्रदान करते हुए कुल मिलाकर 1782 करोड़ रुपये हिमाचल प्रदेश को राहत के लिए प्रदान किये गए। तकलीफ के समय नरेन्द्र मोदी ने ही राज्य की जनता की चिंता की। आपदा आने पर जिनके घर टूटे थे, चिट्ठी लिखने पर ग्रामीण विकास मंत्री ने 11 हजार घर स्वीकृत किये।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विपक्ष पर प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार झूठे वादों पर राजनीति करती है लेकिन राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में जनता ने कांग्रेस के झूठे वादों को नकार दिया। राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गाँधी जिस भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर निकले हैं, वह असल में भारत तोड़ो न्याय यात्रा है। तीन दिन पहले कांग्रेस के सांसद डी के सुरेश ने कहा कि जीएसटी का पैसा दक्षिण भारत के लोग ज्यादा देते हैं और खर्च उत्तर भारत के लोग ज्यादा करते हैं, जो कि दक्षिण भारत के साथ अन्याय है। कांग्रेस के इस सांसद ने अलग देश की मांग करने की बात की। भारतीय जनता पार्टी के लिए सम्पूर्ण देश एक है, हम उत्तर और दक्षिण भारत में कोई भेद नहीं करते। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर निशाना साधते हुए बताया कि कल राज्यसभा में इस मुद्दे पर मल्लिकार्जुन खडगे एक शब्द नहीं बोले। कांग्रेस के अन्य किसी नेता ने भी इस बात की कोई जिम्मेदारी नहीं ली, न ही इसका खंडन किया। जिस पार्टी का नेता अलग देश की मांग करता हो और पार्टी उसके खिलाफ कुछ न बोले, वह पार्टी देश को जोड़ने नहीं बल्कि तोड़ने ही निकली है।

बिलासपुर : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज शनिवार को एम्स, बिलासपुर में कार्डिएक कैथीटेराइजेशन प्रयोगशाला और मैकेनाइज्ड लॉन्ड्री शुरू करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अभिनंदन किया। साथ ही, इस सेवा का उद्घाटन करने के लिए उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ मनसुख मंडाविया को साधुवाद देते हुए कहा कि एम्स, बिलासपुर में कार्डियक कैथीटेराइजेशन प्रयोगशाला के शुरू होने से हृदय रोगों के इलाज के लिए रोगियों को कहीं और जाने की जरूरत नहीं होगी। इससे उनका उपचार भी जल्दी होगा और अन्य संस्थानों पर बोझ भी कम होगा। उन्होंने कहा कि एम्स बिलासपुर में शुरू हुआ मैकेनाइज्ड लॉन्ड्री सिस्टम हिमाचल प्रदेश में अपनी तरह की पहली सुविधा है। इससे मरीजों को काफी सहूलियत होगी। उन्होंने इन सेवाओं के शुरू होने पर एम्स, बिलासपुर को भी बधाई दी।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed