करसोग: गाड़ी खाई में गिरने से चार महिलाओं सहित पांच की मौत

मुख्यमंत्री ने किया शोक व्यक्त 

मण्डी: करसोग में शुक्रवार को सड़क हादसे में पति-पत्नी समेत पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे में छह अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों का उपचार सुन्नी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के मुताबिक हादसा सुबह साढ़े 11 बजे के बीच हुआ। शिमला-करसोग नेशनल हाईवे पर अलसिंडी से करीब 50 मीटर दूर उतक मोड़ के पास टाटा सूमो सड़क से करीब 100 मीटर की खाई में गिर गई। गाड़ी में चालक समेत 11 लोग सवार थे। इनमें से पांच लोगों ने मौके पर दम तोड़ दिया। इनमें जस्सल निवासी चालक हरिकृष्ण (45), उनकी पत्नी सुरक्षा देवी (40), लत्ता देवी (40) निवासी खोलई, कौरा देवी (36) निवासी बंदली और निर्मला देवी (56) निवासी शकरिंडी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक करसोग के जस्सल गांव समेत आसपास के ये लोग सुबह बलिंडी जा रहे थे। बलिंडी में लोगों ने प्राकृतिक खेती उत्पादों के खरीद और बिक्री केंद्र के उद्घाटन समारोह में शामिल होना था। सुबह जस्सल से चलने के बाद उनकी गाड़ी करीब 6 किलोमीटर दूर ही पहुंची थी कि उतक मोड़ के पास अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे के बारे में पता चलने के बाद आसपास के लोग राहत एवं बचाव के लिए मौके पर पहुंचे। पुलिस के साथ लोगों ने खाई से घायलों समेत मृतकों के शवों को बाहर निकाला। घायलों को उपचार के लिए शिमला जिले के सुन्नी अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में जो लोग घायल हुए हैं, इनमें कमलेश निवासी जस्सल, रीमा देवी निवासी शकरिंडी, मनोरमा निवासी शकरिंडी, कृष्णा देवी निवासी खोलई शामिल हैं। दो घायलों के बारे में पता नहीं चला है। डीएसपी गीतांजलि ठाकुर ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हादसा चालक की लापरवाही के कारण हुआ, ऐसे में पुलिस चालक पर केस दर्ज कर लिया है।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज ज़िला मंडी के करसोग क्षेत्र में अलसिंडी के पास हुई सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने दुर्घटना में घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता और घायलों को सर्वोत्तम उपचार प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की प्रार्थना की है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed