भाजपा ने 2024 लोकसभा चुनावों के मद्देनजर महिला आरक्षण का थमाया झुनझुना – डोली शर्मा

शिमला: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता डोली शर्मा ने केंद्र की मोदी सरकार पर आरोप लगाया है कि उन्होंने 2024 लोकसभा चुनावों के मद्देनजर महिलाओं को संसद में एक तिहाई आरक्षण का झुनझुना थमा दिया है। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा महिलाओं की इतनी ही हितेषी है तो उन्हें इसे देश मे 2024 के लोकसभा चुनावों से लागू करना चाहिए।

आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में एक पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए डोली शर्मा ने केंद्र की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि उसने लोकसभा का विशेष सत्र बुला कर केवल भव्य आयोजन कर देश के लोगों को गुमराह करने का प्रयास करती हैं। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सही में महिलाओं को संसद व विधानसभाओं में एक तिहाई आरक्षण की हितेषी होती तो इसे देश मे अगले साल 2024 से ही लागू करती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इस बिल को पारित करवाने में पूरा समर्थन दिया हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का इसे लागू करने के लिये पहले जनसंख्या गणना व डी लिमिटेशन की बात करना साफ है कि यह भी 15 लाख की तरह एक जुमला ही साबित होगा।

डोली शर्मा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व राजीव गांधी ने महिला आरक्षण की शुरुआत 1989 में की थी। उस समय भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने इस बिल का विरोध किया था और यह बिल राज्यसभा में केवल 7 मतों से पराजित हो गया था। उसके पश्चात कांग्रेस महिला आरक्षण को लेकर प्रयासरत रही। 1992 में तत्कालीन प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव ने महिला संशोधन बिल लाकर नगर निकायों व पंचायती राज संस्थाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण निहित किया।

डोली शर्मा ने कहा कि संसद में महिलाओं को एक तिहाई आरक्षण देने के लिये कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 2010 में महिला दिवस पर प्रधानमंत्री को एक पत्र लिखा। उसके बाद राहुल गांधी ने इसी पत्र का हवाला देते हुए 2011 में महिलाओं को आरक्षण देने की मांग की। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार अपने 9 साल के कार्यकाल में पूरी तरह सोई रही अब जब देश मे अगले साल लोक सभा चुनाव होने है तो भाजपा ने महिलाओं को एक झुंझना थमा दिया।

डोली शर्मा ने कहा कि भाजपा कभी भी महिला हितेषी नहीं रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश मे पहली महिला राष्ट्रपति,प्रधानमंत्री,लोकसभा अध्यक्ष पार्टी अध्यक्ष तक के पद पर बिठाया। भाजपा बताए कि उसने कितनी महिलाओं को यह सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में 40 प्रतिशत महिलाओं को पार्टी टिकट दिए थे। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में महिलाओं का जितना उत्पीड़न हुआ है उतना पहले कभी नहीं हुआ।

पत्रकार सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह,वरिष्ठ कांग्रेस नेता पूर्व मंत्री आशा कुमारी,शिमला नगर निगम की उप महापौर उमा कौशल,महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल सहित शिमला नगर निगम की सभी महिला पार्षद व महिला कांग्रेस की पदाधिकारी भी मौजूद थी

———————————–

डोली शर्मा ने कहा है कि प्रदेश सरकार अपनी सभी चुनावी गारंटियों को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने ओपीएस लागू कर अपनी पहली गारंटी पूरी कर दी है।

डोली शर्मा ने कहा कि प्रदेश में आपदा की इस घड़ी में भाजपा प्रदेश सरकार को कोई भी सहयोग नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता केंद्र से कोई भी मदद में सहयोग नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर विशेष आर्थिक मदद की मांग की पर भाजपा का कोई भी नेता प्रधानमंत्री से नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि भाजपा को बताना चाहिए  उन्होंने केंद्र से इस बारे क्या प्रयास किये हैं।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed