प्रतिभा सिंह बोलीं-केंद्र सरकार का सेब पर आयात शुल्क कम करना जले पर नमक छिड़कने के बराबर…

शिमला: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने केंद्र सरकार द्वारा विदेशी सेब पर आयात शुल्क कम करने की आलोचना करते हुए कहा है कि केंद्र की मोदी सरकार का यह फैंसला पूरी तरह किसान व बागवान विरोधी है। उन्होंने कहा है कि पहले ही प्रदेश के बागवान सेब की बढ़ती उत्पादन लागत व अन्य खर्चो की मार सह रहे हैं और उन्हें लागत का भी पूरा मूल्य नहीं मिल रहा है ऐसे में केंद्र सरकार का सेब पर आयात शुल्क कम करना जले पर नमक छिड़कने के बराबर है। उन्होंने आरोप लगाया है कि केंद्र की मोदी सरकार सोची समझी रणनीति के तहत किसानों व बागवानों के हितों से खिलवाड़  कर रहा है जो कभी सहन नही होगा । उन्होंने केंद्र सरकार से इस फैसले पर पुनः विचार करने को कहा है।प्रतिभा सिंह ने  सेब बागवानों से आयात शुल्क कम करने के विरुद्ध  एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा है कि कांग्रेस किसानों व बागवानों के साथ किसी भी संघर्ष के लिए खड़ी है।

प्रतिभा सिंह ने एक बयान में आज यहां कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश में चुनावों के दौरान सेब बागवानों से बड़े बड़े वादे किए थे। उन्होंने कहा कि इसमें विदेशी सेब पर आयात शुल्क बढ़ाने का भी एक प्रमुख वादा था,पर उन्होंने उसके विपरीत इसे कम कर दिया है।इससे साफ है कि उनकी कथनी और करनी में दिन रात का  अंतर है। उन्होंने सेब बागवानों से किया अपना कोई भी वादा पूरा नहीं किया।

प्रतिभा सिंह ने प्रदेश की पूर्व भाजपा सरकार पर भी आरोप लगाया  कि भाजपा की पूर्व सरकार ने भी अपने कार्यकाल में किसानों व बागवानों की घोर उपेक्षा की। भाजपा ने किसानों व बागवानों को मिलने वाले उर्वरकों में भारी बढ़ोतरी के साथ साथ बागवानों को मिलने वाली सुविधाओं में भी भारी कटौती की। सेब ट्रे से लेकर कार्टन व  सभी प्रकार की कीटनाशक दवाइयां भी महंगी की गई।  भाजपा ने अपने कार्यकाल में कोई भी मदद सेब बागवानों की नहीं की।

प्रतिभा सिंह ने कहा है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार किसानों व बागवानों के हितों से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ नहीं होने देगी और किसान व बागवान विरोधी किसी भी निर्णय के खिलाफ वह उनके साथ खड़ी है। उन्होंने प्रदेश सरकार से भी इस मसले को केंद्र के समक्ष रखने को कहा है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed