प्रियंका गांधी ने कांग्रेस की जीत पर कर्नाटक की जनता का जताया आभार,कहा-राज्य की जनता से किए वायदे और गारंटियां को जल्द किया जाएगा पूरा

शिमला: अखिल भारतीय कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन पहुंचीं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व सांसद प्रतिभा सिंह ने प्रियंका गांधी का स्वागत किया और कर्नाटक विधानसभा चुनाव में जीत पर बधाई दी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन पहुंचते ही प्रियंका गांधी पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया।  पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रियंका ने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सिद्धारमैया, कर्नाटक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शिव कुमार को बधाई दी। प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अथक परिश्रम किया। सभी को बहुत-बहुत बधाई। हमने राज्य की जनता से जो वायदे किए हैं, गारंटियां दी हैं। इन्हें जल्द पूरा किया जाएगा। राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने के सवाल पर प्रियंका ने कहा कि जनता को ही सब तय करना है।

लोग चाहते थे बदलाव जोकि हुआ- सुखविंद्र सिंह सुक्खू

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि जब चार मई को नगर निगम शिमला के चुनाव परिणाम आने के बाद कर्नाटक गया तो लग रहा था कि वहां पर कांग्रेस की सरकार बनना निश्चित है। इस लोकतंत्र ने ये साबित कर दिया है कि हिंदुस्तान की जनता जब बदलाव करने पर आती है तो बदल देती है। उन्होंने कहा लोग चाहते थे बदलाव जोकि हुआ है।

देश में अब भाजपा की उल्टी गिनती शुरू – प्रतिभा सिंह

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने कर्नाटक में कांग्रेस की शानदार जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व मालिकार्जुन खड़गे,सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित सभी नेताओं को बधाई दी हैं। उन्होंने कर्नाटक के मतदाताओं का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि पार्टी कार्यकर्ताओं के मनोबल से अब देश के अन्य राज्यों में भी कांग्रेस अपनी जीत का परचम लहराएंगी।
प्रतिभा सिंह ने  कर्नाटक  विधानसभा चुनाव परिणामों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि लोगों ने भाजपा की धुव्रीकरण की राजनीति को पूरी तरह ठुकरा दी है।  हिमाचल प्रदेश के बाद  कर्नाटक में कांग्रेस की शानदार जीत से साबित हो गया है कि देश में भाजपा के खिलाफ  हवा चल पड़ी है।  उन्होंने कहा है कि देश में अब भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है,और 2024 में केंद्र में कांग्रेस की लोकप्रिय सरकार बनेगी।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed