पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह ने प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी को भंग करने के फैसले को दिया उचित करार

  • अब प्रदेश और देश में कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने की बड़ी चुनौती : वीरभद्र सिंह

शिमला : कांग्रेस हाईकमान द्वारा प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग करने के फैसले को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने उचित ठहराया है। कांग्रेस हाईकमान के इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए वीरभद्र सिंह ने कहा कि वह पहले से ही इस बात पर जोर देते रहे है कि पार्टी में पदाधिकारी वह होना चाहिए जो आम लोगों के बीच अपना कुछ महत्व भी रखता हो। उन्होंने कहा कि यह उचित समय में लिया गया सही कदम है। उन्होंने इस फैसले के लिए पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी का आभार व्यक्त किया है। पूर्व सीएम ने कहा कि जो बीत गया सो चला गया। अब प्रदेश और देश में कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने की बड़ी चुनौती है। प्रदेश में अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के कंधों पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। पिछले लगभग एक वर्ष से जिस प्रकार वह प्रदेश में कांग्रेस की मजबूती के लिए कार्य कर रहे हैं, वह तारीफ योग्य है। अब उन्हें नई कार्यकारिणी बनाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उनके लिए भी यही सलाह रहेगी कि वह निष्ठावान व कर्मठ कार्यकर्ताओं को आगे लाने का पूरा प्रयास करें।

वीरभद्र सिंह ने कहा कि पिछले छह वर्षों में वह प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की मजबूती के लिए प्रदेश कार्यकारिणी को सही करने की बात करते रहे। समय रहते उनकी इस बात को अनदेखा किया गया। यही कारण रहा कि प्रदेश में कांग्रेस कमजोर होती चली गई। वीरभद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश कार्यकारिणी जल्द छोटी और संतुलित बनाई जानी चाहिए, जिससे प्रदेश में कांग्रेस पूरी तरह पुनर्जीवित हो सके। वीरभद्र सिंह ने कहा कि जल्द ही प्रदेश में ग्राम पंचायतों के चुनाव होने वाले हैं। इन चुनावों में हमें कांग्रेस पार्टी से जुड़े लोगों को आगे लाना होगा।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *