सिरमौर: राजगढ़-सोलन सड़क पर सनौरा के समीप कार हादसे में मां व बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि मृतक महिला का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब तीन बजे राजगढ़-सोलन सड़क पर सनौरा के समीप एक ऑल्टो कार गहरी खाई में गिरने से उसमें सवार तीन लोगों में से 55 वर्षीय कौशल्या देवी पत्नी रविंद्र सिंह निवासी गांव लालपानी डाकघर नेरवा तहसील चौपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी अर्चना की जिला अस्पताल सोलन में मृत्यु हो गई। हादसे में मृतक महिला का बेटा राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गहरी खाई से मृतक महिला समेत घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार हादसे का शिकार हुए लोग कार से चंडीगढ़ की तरफ जा रहे थे। उधर, डीएसपी भीष्म ठाकुर ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घायल राहुल को जिला अस्पताल सोलन से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस हादसे की जांच में जुटी है।