शिमला: देश में चल रही आर्थिक मंदी को लेकर कांग्रेस आज देश भर धरना-प्रदर्शन और सम्मलेन कर रही है। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने भी प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल की अध्यक्षता में राज्यपाल बंडारू दंतात्रेय के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। रजनी पाटिल ने कहा कि जीडीपी 5 फीसदी से नीचे आ गई है, रोजगार छीन रहा है और बेरोजगारी बढ़ रही है। रुपया डॉलर के मुकाबले हर दिन गिरता जा रहा है और केंद्र सरकार लोगों को गुमराह करने में लगी है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि जीएसटी ,नोटबंदी और गलत आर्थिक नीतियों के कारण आज देश मंदी की मार झेल रहा है। कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की आर्थिक नीतियों को लागू करने की मांग की है जिससे देश के हालत सुधर सके।