“हुआ तो हुआ“ कहने वाले और “आया राम गया राम“ अब नहीं चलेंगे : जयराम ठाकुर

  • हिमाचल में फिर एक बार चार की चार: जयराम ठाकुर

शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता जयराम ठाकुर ने कहा है कि प्रदेश की जनता का पैगाम आ गया है  “हिमाचल में फिर एक बार चार की चार“ । मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक महीने से पूरे प्रदेश में चुनाव प्रचार के दौरान जो प्यार प्रदेश वासियों का मिला और उनके रूझान से साबित हुआ कि हिमाचल में एक बार फिर से भाजपा चारों की चारों सीटें भारी बहुमत से जीत रही है। जयराम ठाकुर ने कहा कि 19 मई को विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के चुनाव का सातवां व अंतिम चरण है और इसमें देवभूमि हिमाचल की जनता का राष्ट्र हित में अंतिम और निर्णायक फैसला होगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि “हुआ तो हुआ“ कहने वाले और “आया राम गया राम“ अब नहीं चलेंगे। हिमाचल की समझदार जनता फैसला कर चुकी है और वो जानती है कि देश किसके हाथों सुरक्षित है और विकास का रथ कौन दौड़ा सकता है। जयराम ठाकुर ने कहा कि देश ही नहीं पूरा विश्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मुरीद है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने एवं अपने परिवार के लिए नहीं राष्ट्रहित के लिए कार्य कर रहे हैं। दूसरी ओर विपक्ष के नेता राष्ट्रहित नहीं बल्कि सत्ता हासिल करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब कांग्रेस के झांसे में नहीं आएगी। देशवासियों ने तय कर लिया है कि मोदी को पुनः प्रधानमंत्री बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज भारत को मजबूत देशों में गिना जाता है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल एवं मजबूत नेतृत्व से संभव हुआ है। मोदी सरकार के कार्यकाल के दौरान सेना के जवानों के हौसले बुलंद हुए हैं। सेना ने आतंकी हमले का जवाब पाकिस्तान को एयर स्ट्राइक करके दिया था लेकिन कांग्रेस ने सेना की कार्रवाई के सबूत मांगे जो दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे सेना और देशवासियों की भावना को ठेस पहुंची है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकारों के कार्यकाल में विकास करने के भरपूर अवसर मिलने के बावजूद इतने वर्षों तक कांग्र्रेस अपने दावों को पूर्ण करने के लिए कुछ विशेष नहीं कर पाई है। कांग्रेस ने सत्ता हासिल करने के लिए सदैव परिवारवाद को बढ़ावा दिया है तथा आम जनता के कल्याण की अनदेखी की है।  उन्होंने कहा कि राष्ट्रवासियों को भाजपा पर स्थापित विश्वास को कायम रखते हुए एक बार पुनः मोदी सरकार को बनाने में अपना बहुमूल्य योगदान देना चाहिए।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *