मुख्यमंत्री का धन्यवाद करने के लिए बरागटा की “धन्यवाद रैली” में भारी संख्या में शिमला पहुंचे लोग

  • ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाटी डालते हुए और मुख्यमंत्री के नारे लगाते सचिवायल पहुंचे लोग
  • बरागटा को मुख्य सचेतक नियुक्त करने पर जुब्बल-कोटखाई के लोगों ने निकाली रैली  
  • नरेन्द्र बरागटा जन मंच का समन्वय राज्य स्तर पर करेंगे : मुख्यमंत्री
  • बरागटा ने नई जिम्मेदारी मिलने पर किया मुख्यमंत्री का धन्यवाद, बोले यह मेरा ही नहीं, बल्कि पूरे जिला शिमला का सम्मान है

शिमला: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का धन्यवाद करने के लिए भारी संख्या में लोगों ने मंगलवार को शिमला में एक रैली निकाली। यह रैली विधायक नरेंद्र बरागटा के नेतृत्व में निकाली गई। नरेंद्र बरागटा के विधानसभा क्षेत्र जुब्बल-कोटखाई सहित प्रदेश के कई हिस्सों से लोग शिमला पहुंचे। ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाटी डालते हुए और मुख्यमंत्री के नारे लगाते हुए ये लोग शिमला स्थित सचिवायल पहुंचे।

इस अवसर पर बरागटा ने पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती को चुनरी और टोपी पहनाकर स्वागत किया और फिर सीएम जयराम को चुनरी, टोपी और तलवार देकर सम्मानित किया। यह रैली विधायक नरेंद्र बरागटा को मुख्य सचेतक नियुक्त करने के लिए जुब्बल-कोटखाई के लोगों द्वारा निकाली गई।

जन मंच कार्यक्रम को और प्रभावशाली एवं परिणाम उन्मुख बनाने के लिए मुख्य सचेतक नरेन्द्र बरागटा सचिवालय स्तर पर समन्वय करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यह बात आज यहां जुब्बल कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के प्रतिनिधिमण्डल के समक्ष कही। जयराम ठाकुर ने कहा कि जन मंच राज्य सरकार का सबसे महत्वपूर्ण और जनता केन्द्रित कार्यक्रम है जिसका उद्देश्य जन समस्याओं का निपटारा लोगों के घर-द्वार पर करना है। सभी मंत्री जन मंच में शामिल हो रहे हैं, जो हर माह के पहले रविवार को आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र बरागटा जन मंच का समन्वय राज्य स्तर पर करेंगे ताकि लोगों की समस्याएं जल्द से जल्द दूर हो सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरे प्रदेश का न्यायसंगत विकास सुनिश्चित बना रही है। अब तक उन्होंने प्रदेश के 54 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया है ताकि प्रदेश के हर भाग का एक समान विकास हो सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हमेशा ही हिमाचल प्रदेश की मांगों का सहानुभूतिपूर्वक रवैया रखते हैं। प्रधानमंत्री न केवल विकास कार्यों में बल्कि प्राकृतिक आपदाओं के समय भी राज्य की हर सम्भव मदद कर रहे हैं, हाल ही में लाहौल घाटी में बे-मौसमी बर्फवारी के कारण हजारों लोग फंस गए थे। फंसे हुए लोगों को एयरलिफ्ट करने के लिए केन्द्र सरकार ने सात हैलीकॉप्टर उपलब्ध करवाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सेब बागवानों के कल्याण और बेहतरी के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि बागवानों को अपना उत्पाद बाजार में बेचने के लिए हर जरूरी सुविधा प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि सेब वाले क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क को मजबूत किया जाएगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि हर पार्टी कार्यकर्ता के प्रयासों की वजह से विधानसभा चुनाव में भाजपा की जबरदस्त जीत हुई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लोगों के प्रति बेहद संवेदनशील हैं इसीलिए उन्होंने ओकओवर व सचिवालय में प्रतिक्षालयों का निर्माण करवाया ताकि लोगों को उनके प्रिय नेता से मिलने में कोई परेशानी न हो।

सांसद वीरेन्द्र कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिमाचल के प्रति हमेशा उदारता का भाव दिखाया है और राज्य को हर सम्भव आर्थिक मदद प्रदान की है। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र बरागटा ने प्रदेश के सेब उत्पादकों के हितों की रक्षा के लिए हमेशा काम किया है।

नई जिम्मेदारी मिलने पर मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए नरेन्द्र बरागटा ने कहा कि यह केवल उनका सम्मान नहीं है बल्कि पूरे शिमला जिला का सम्मान है। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश को एक ईमानदार नेता मिला है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस बात को सुनिश्चित कर रही है कि पूरे प्रदेश का एक समान विकास हो।

नरेन्द्र बरागटा ने ऊपरी शिमला में बढ़ती दुर्घटनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री से एक ट्रॉमा सेन्टर खोलने की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि वे अपने क्षेत्र के लोगों की आकांक्षाओं पर खरा उतरने का भरपूर प्रयास करेंगे।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *