शिमला : विधानसभा घेराव के दौरान युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई। जमकर पथराव हुआ और पुलिस की लाठियां चली। इसमें करीब 10 युवा कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। दूसरी ओर एएसपी सहित पांच पुलिस वाले भी घायल हुए हैं। मामले को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ता और पुलिस एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। युवा कांग्रेस ने देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, महिला अत्याचार व प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर आज विधानसभा घेराव का ऐलान किया था। तय कार्यक्रम के अनुसार युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता विधानसभा घेराव को पहुंचे। इस मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था। विधानसभा परिसर के बाहर पत्थरबाजी हो गई। इसी बीच पुलिस ने भी लाठीचार्ज कर दिया। इस लाठीचार्ज व पत्थरबाजी में युवा कांग्रेस के 10 और एएसपी सहित पांच पुलिस वाले घायल हो गए।
युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों का कहना है कि पुलिस की तरफ से पत्थरबाजी शुरू हुई। इसके बाद माहौल बिगड़ा। दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पत्थरबाजी शुरू की, इसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।











