- शेर कभी बूढ़ा नहीं होता : वीरभद्र सिंह
- अब चुनाव लड़ेंगे नहीं बल्कि लड़वाएंगे : वीरभद्र सिंह
शिमला: पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह आज 85वें वर्ष में प्रवेश कर गए। वीरभद्र सिंह ने शनिवार को हॉली लॉज में धूमधाम से 85वां जन्मदिवस मनाया। वीरभद्र सिंह छह बार सीएम बनने के अलावा नौ विधानसभा चुनाव जीते हैं। 23 जून 1934 को जन्मे वीरभद्र सिंह अब 85वें बरस की आयु में भी जोशीले हैं। इस उम्र में भी जोश के साथ सक्रिय रहने के पीछे वे हिमाचल की जनता के स्नेह को श्रेय देते हैं। 1962 में हिमाचल की राजनीति में कदम रखने वाले वीरभद्र सिंह को राजनीति में 56 वर्ष हो गए हैं।
वीरभद्र सिंह की पत्नी एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह की ओर से प्रदेश के तमाम प्रमुख कांग्रेस नेताओं को निमंत्रण पत्र भेजे गए हैं। हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को उनके 85वें जन्मदिन की बधाई दी और वीरभद्र सिंह के स्वस्थ और लंबे जीवन की कामना की। राजनीति में कई मुकाम छूने वाले वीरभद्र सिंह ने इस दौरान कहा कि शेर कभी बूढ़ा नहीं होता।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक करियर समेत अपने 85 साल के जीवन में उन्होंने जो चाहा वह पाया। पूर्व सीएम ने कहा कि उन्हें हिमाचल की जनता का भी पूरा सहयोग मिला है। जिससे कि वे हिमाचल के विकास में अपना सहयोग दे पाए। लोकसभा चुनाव 2019 लड़ने को लेकर पूछे गए प्रश्न पर वीरभद्र सिंह ने कहा कि वे अब चुनाव लड़ेंगे नहीं बल्कि लड़वाएंगे। लोकसभा चुनाव के बाद वीरभद्र सिंह ने राजनीति से सन्यास लेने की बात कही है।