सरकाघाट: दिवाली के मद्देनजर नगर परिषद सरकाघाट ने त्योहार के दौरान बाजार में यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए व्यवस्थाओं में आंशिक बदलाव किए हैं। नगर परिषद अध्यक्ष पुष्पा देवी की अध्यक्षता में आयोजित विशेष बैठक में एसडीएम एवं नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी राजेंद्र कुमार गौतम विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में अस्थायी दुकानों के लिए स्थल निर्धारित करने सहित नगर परिषद के विभिन्न कार्यों पर चर्चा की गई।
एसडीएम राजेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि दिवाली के दौरान शिव मंदिर के समीप शहरी विकास विभाग के अंतर्गत नगर परिषद की प्रस्तावित पार्किंग भूमि पर पटाखों, मिठाइयों, बर्तनों तथा अन्य त्योहार संबंधी सामान की बिक्री के लिए अस्थायी दुकानें लगाई जा सकेंगी। बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग नगर परिषद की बहुमंजिला पार्किंग में की जाएगी। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य बाजार में भीड़भाड़ कम करना और यातायात को सुचारू बनाए रखना है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकाघाट बाजार में खुले में पटाखों की बिक्री की अनुमति नहीं होगी। पटाखा विक्रेताओं को निर्धारित स्थल पर ही नियमानुसार बिक्री करनी होगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। पटाखों के भंडारण एवं बिक्री के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य होगा। विक्रेताओं को ज्वलनशील पदार्थों और आग के स्रोतों से उचित दूरी बनाए रखने सहित सभी आवश्यक सावधानियां बरतनी होंगी। उन्होंने आमजन से भी निर्धारित स्थल से ही पटाखे खरीदने तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की।
बैठक में नगर परिषद के कार्यों के सुचारू संचालन के लिए पालतू पशुओं के पंजीकरण, व्यापारिक प्रतिष्ठानों के लाइसेंस, विज्ञापन एवं होर्डिंग्स तथा ठोस कचरा प्रबंधन से संबंधित उपनियमों को स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त, वित्तीय वर्ष 2026-27 के वार्षिक बजट की समीक्षा के बाद उसे भी मंजूरी दी गई। बैठक में नगर परिषद क्षेत्र में शहरी सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा व्यापारिक गतिविधियों को नियमानुसार संचालित करने से संबंधित विभिन्न विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।